Shimla Heroin Seizure : हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 करोड़ रुपये कीमत की 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इस मामले में हरियाणा के अंबाला जिले के एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में हिमाचल प्रदेश में अब तक की यह सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी मानी जा रही है।

Written by Kajal Panchal • Published on : 4 August 2026
IBN24 News Network : पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त को जिला शिमला की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना मिलने के बाद शोघी क्षेत्र में नाकाबंदी की। इसी दौरान हरियाणा के अंबाला जिले की नारायणगढ़ तहसील निवासी विजय कुमार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलो 120 ग्राम हाई ग्रेड हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
शिमला में सप्लाई करने की थी तैयारी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हरियाणा से यह नशीला पदार्थ शिमला में सप्लाई करने के लिए लेकर आया था। पुलिस का दावा है कि वह तारा देवी क्षेत्र में अपने संपर्कों को खेप सौंपने वाला था, लेकिन उससे पहले ही स्पेशल सेल ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और यह नेटवर्क किन राज्यों तक फैला हुआ है।
पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
शिमला पुलिस का कहना है कि वर्ष 2026 में नशा तस्करी के खिलाफ रणनीति में बदलाव किया गया है। अब केवल छोटे मामलों पर कार्रवाई करने के बजाय बड़े सप्लायरों, अंतरराज्यीय नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और बैकवर्ड लिंकेज की जांच पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही आदतन नशा तस्करों के खिलाफ PITNDPS एक्ट के तहत भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इस साल लगातार हुई बड़ी बरामदगी
शिमला पुलिस के अनुसार, इस वर्ष मार्च में करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के 562 एलएसडी स्टैम्प बरामद किए गए थे। अप्रैल में कुमारसैन से 11.5 किलोग्राम अफीम जब्त की गई, जबकि मई और जून में पंजाब से जुड़े हेरोइन तस्करी नेटवर्क का भी खुलासा हुआ। जुलाई में भी शोघी बैरियर पर तीन आरोपियों से 242 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी।
पुलिस का दावा है कि वर्ष 2026 में अब तक शिमला जिले में 4 किलोग्राम से अधिक हेरोइन, 14 किलोग्राम अफीम, 15 किलोग्राम चरस, 5 किलोग्राम से अधिक पोस्त, एलएसडी और मेथामफेटामाइन सहित बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए जा चुके हैं। यह आंकड़ा पिछले दो वर्षों की तुलना में कई गुना अधिक है।
जांच जारी
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी, इसका मुख्य सप्लायर कौन है और इस अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं।
अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए तकनीकी और वित्तीय जांच भी साथ-साथ की जा रही है।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib





