NEET Paper Leak Case : NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने मामले में गिरफ्तार सभी 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए हैं। शनिवार को विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता की अदालत में पेश हुए सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताया और मुकदमे का सामना करने की बात कही। अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई होगी।

Written by Kajal Panchal • Published on : 21 November 2026
IBN24 NEWS NETWORK : यह मामला NEET-UG परीक्षा के कथित पेपर लीक और इसके पीछे रची गई साजिश से जुड़ा है। पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद देशभर में लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो गए थे। इसके बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया था।
3 मई को हुई थी परीक्षा, 22 लाख अभ्यर्थियों ने लिया था हिस्सा
NEET-UG 2026 की परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी। इसमें देशभर से करीब 22 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। हालांकि, परीक्षा के बाद पेपर लीक के आरोप सामने आने से विवाद खड़ा हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा देनी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, 21 जून को NEET-UG की पुनः परीक्षा आयोजित की गई थी।
18 नवंबर को कोर्ट ने दिया था आरोप तय करने का आदेश
विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने 18 नवंबर को मामले में शामिल सभी 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया था। इन आरोपों में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, सबूत नष्ट करने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध शामिल हैं।

इसके अलावा आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के प्रावधानों के तहत भी आरोप तय किए गए हैं। अदालत ने सभी आरोपियों को 21 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया था।
अब 25 नवंबर से रोजाना होगी सुनवाई
शनिवार को अदालत में औपचारिक रूप से आरोप तय होने के बाद सभी 14 आरोपियों ने आरोपों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। सभी ने खुद को निर्दोष बताते हुए ट्रायल का सामना करने की बात कही।

अब अदालत 25 नवंबर से इस मामले की रोजाना सुनवाई करेगी। ऐसे में आने वाले दिनों में गवाहों के बयान, साक्ष्यों और अभियोजन पक्ष की दलीलों के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई होगी।
NEET पेपर लीक मामला लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों से जुड़ा हुआ है। इसलिए अब सबकी नजरें अदालत में शुरू होने वाले ट्रायल और इस मामले में सामने आने वाले तथ्यों पर टिकी हैं।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib





