CJP Protest : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन एक बार फिर शुरू हो गया है। सोमवार शाम दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर खाली कराए जाने के करीब छह घंटे बाद प्रदर्शनकारी दोबारा मौके पर लौट आए और देर रात तक सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

Written by Kajal Panchal • Published on : 21 July 2026
IBN24 News Network : पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने साफ कहा है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा और मंगलवार को भी संसद मार्च किया जाएगा।
पुलिस कार्रवाई के बाद फिर जुटे प्रदर्शनकारी

सोमवार शाम करीब 5 बजे दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से प्रदर्शनकारियों को हटाया था। हालांकि रात करीब 11 बजे अभिजीत दीपके के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थक फिर से जंतर-मंतर पहुंच गए और दोबारा मंच तैयार कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए और आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।
अभिजीत दीपके का बड़ा बयान
अभिजीत दीपके ने कहा कि मंगलवार को भी संसद मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक प्रदर्शन समाप्त नहीं होगा और प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे।

तीन प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारी तीन प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इनमें सबसे प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है। सोमवार को CJP समर्थकों ने जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकाला, जिसके दौरान कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें भी हुईं।
14 साल बाद संसद तक पहुंचा बड़ा प्रदर्शन
बताया जा रहा है कि पिछले 14 वर्षों में पहली बार किसी बड़े प्रदर्शन की भीड़ संसद के मुख्य प्रवेश क्षेत्र तक पहुंची। इससे पहले वर्ष 2012 में निर्भया कांड के विरोध प्रदर्शन के दौरान इस इलाके में इतनी बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पहुंचे थे।

सोमवार के प्रमुख घटनाक्रम
- जंतर-मंतर से संसद तक CJP का ‘चलो संसद’ मार्च निकाला गया।
- दिनभर कई बार प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच झड़प हुई।
- जेपी नड्डा और CJP प्रतिनिधिमंडल के बीच बातचीत हुई, जिसमें कार्रवाई न करने का आश्वासन दिया गया।
- प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के सामने तीन मांगें रखीं।
- धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह के बीच लंबी बैठक हुई, हालांकि बैठक का एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया।
- अभिजीत दीपके सहित 22 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे तीन अन्य छात्रों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया।
सोनम वांगचुक ने अनशन जारी रखा

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त करने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की। इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी पत्नी गीतांजलि अंग्मो की याचिका पर सुनवाई करते हुए सफदरजंग अस्पताल से मेडिकल रिपोर्ट मांगी है। मामले में मंगलवार को फिर सुनवाई होगी।
अस्पताल ने जारी किया हेल्थ अपडेट
सफदरजंग अस्पताल के अनुसार, सोनम वांगचुक की हालत फिलहाल स्थिर है। उनके सभी वाइटल पैरामीटर सामान्य हैं, लेकिन ब्लड शुगर अभी भी सामान्य स्तर से कम है। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें लगातार पैनसाइटोपेनिया, एनीमिया और ल्यूकोसाइट्स की कमी की समस्या बनी हुई है।
अस्पताल ने बताया कि उन्हें ORS और पोटैशियम सप्लीमेंट दिए जा रहे हैं, लेकिन चिकित्सकीय सलाह के बावजूद उन्होंने IV फ्लूइड्स और ग्लूकोज लेने से इनकार कर दिया है।
संसद मार्च की हिंसा की जांच तेज

दिल्ली पुलिस ने संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा की जांच तेज कर दी है। पुलिस सीसीटीवी, मोबाइल फोन, ड्रोन और बॉडी कैमरों से मिली 250 से अधिक वीडियो फुटेज की जांच कर रही है। इन फुटेज के आधार पर हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
सफदरजंग अस्पताल की सुरक्षा बढ़ाई गई
सोनम वांगचुक के इलाज को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हाईकोर्ट के निर्देश पर अस्पताल प्रशासन उनकी मेडिकल रिपोर्ट और हेल्थ बुलेटिन कोर्ट में पेश करेगा, जिसके बाद आगे की सुनवाई होगी।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib





