Karnal Illegal Firecrackers : हरियाणा के करनाल जिले में दिवाली से पहले अवैध रूप से पटाखे बेचने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। तरावड़ी रेलवे पुल के नीचे पुलिस ने एक युवक को 100 डिब्बे पटाखों के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

Written by Kajal Panchal • Published on : 31 October 2026
IBN24 NEWS NETWORK : पुलिस के अनुसार, दोनों युवक करनाल से पटाखे लेकर तरावड़ी पहुंचे थे और इन्हें बेचने की फिराक में थे। पकड़े गए युवक की पहचान चरणदास पुत्र नानक चंद निवासी वार्ड नंबर 13, तरावड़ी के रूप में हुई है। वहीं, फरार आरोपी की पहचान तुषार पुत्र दीवान चंद निवासी वार्ड नंबर 13, तरावड़ी के रूप में हुई है।
मुखबिर की सूचना पर रेलवे पुल के नीचे की नाकाबंदी
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर को एएसआई हरविश कुमार और एएसआई सुरेश कुमार पुलिस टीम के साथ तरावड़ी कस्बे में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चरणदास और तुषार करनाल से पटाखे लेकर तरावड़ी आ रहे हैं। दोनों के पास पटाखे बेचने का कोई लाइसेंस नहीं है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तरावड़ी रेलवे पुल के नीचे नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद करनाल की तरफ से दो युवक एक बड़े भूरे रंग के बैग के साथ आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर एक युवक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने पकड़ लिया।
बैग की तलाशी में मिले अलग-अलग कंपनियों के 100 डिब्बे
पुलिस ने पकड़े गए युवक से पूछताछ की और उसके बैग की तलाशी ली। इस दौरान उसमें अलग-अलग कंपनियों और किस्मों के कुल 100 डिब्बे पटाखे बरामद हुए।
बरामद पटाखों में रामंस किटकैट के 16 डिब्बे, कल्कि 12 शॉट्स के 2 डिब्बे, ग्राउंड चक्कर के 20 डिब्बे, के-0201 लेपर्ड किंग के 30 डिब्बे, ओरिजिनल पॉप के 30 डिब्बे और लैंसर क्रैकिंग फैंसी के 2 डिब्बे शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, डिब्बों की जांच करने पर उनमें थ्रो तीली बम यानी विस्फोटक पदार्थ मिले।
न लाइसेंस मिला, न आग बुझाने का इंतजाम
पुलिस ने आरोपी चरणदास से पटाखे रखने और बेचने से संबंधित लाइसेंस, परमिट और अग्निशमन विभाग की NOC मांगी, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके अलावा मौके पर आग बुझाने का कोई उपकरण भी नहीं मिला।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इन पटाखों को बेचने के लिए लेकर आया था। पुलिस अब इस मामले में फरार आरोपी तुषार की तलाश कर रही है।
6 डिब्बे जांच के लिए रखे, विस्फोटक अधिनियम में केस दर्ज
पुलिस ने बरामद 100 डिब्बों में से 6 डिब्बे अलग-अलग नमूनों के रूप में सुरक्षित रखे हैं। वहीं, बाकी पटाखों को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले की जांच एएसआई हरविश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ यह भी जांच कर रही है कि पटाखों की खेप कहां से लाई गई थी और इनके पीछे कोई अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं है।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib





