Commonwealth 2026 Boxing Gold : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। शनिवार को भारत ने महज 10 मिनट के अंतराल में दूसरा स्वर्ण पदक जीतकर मेडल टैली में लंबी छलांग लगा दी। महिला बॉक्सिंग के 57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जैस्मिन लांबोरिया ने नॉर्दर्न आयरलैंड की मिकाएला वॉल्स को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले महिला 54 किलोग्राम वर्ग में प्रीति पवार ने कनाडा की सवाना डोलमागो को हराकर भारत को छठा स्वर्ण पदक दिलाया था।

Written by Kajal Panchal • Published on : 1 August 2026
IBN24 News Network : इन दोनों जीतों के साथ भारत के खाते में अब 7 गोल्ड सहित कुल 27 पदक हो गए हैं और भारतीय टीम मेडल टैली में छठे स्थान पर पहुंच गई है। प्रीति पवार की शानदार जीत के कुछ ही मिनट बाद जैस्मिन लांबोरिया ने भी अपने फाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। दोनों खिलाड़ियों की लगातार जीत ने भारतीय बॉक्सिंग टीम का दबदबा साबित कर दिया।
जैस्मिन ने पूरे मुकाबले में आक्रामक अंदाज बनाए रखा और नॉर्दर्न आयरलैंड की मिकाएला वॉल्स को हराकर भारत को सातवां गोल्ड दिलाया। उनकी इस जीत के बाद भारतीय दल का मनोबल और बढ़ गया है।
प्रीति और जैस्मिन का शानदार रिकॉर्ड
हरियाणा की प्रीति पवार इससे पहले 2022 एशियन चैंपियनशिप और 2023 एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने 2024 पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसके अलावा 2026 एशियन चैंपियनशिप और 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में भी उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था। प्रीति वर्तमान में एनएस-एनआईएस पटियाला में प्रशिक्षण ले रही हैं।

वहीं हरियाणा की जैस्मिन लांबोरिया मौजूदा समय में 57 किलोग्राम वर्ग की दुनिया की नंबर-1 बॉक्सर हैं। उन्होंने 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप और वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में भी गोल्ड जीता था। जैस्मिन 2024 पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक भी जीत चुकी हैं।
ट्रिपल जंप में भारत ने जीते दो और पदक

भारत को एथलेटिक्स में भी बड़ी सफलता मिली। पुरुष ट्रिपल जंप फाइनल में प्रवीण चित्रावेल ने 16.58 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल जीता। वहीं सेल्वा प्रभु ने 16.52 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस स्पर्धा का गोल्ड जाम्बिया के जॉर्डन स्कॉट ने 16.72 मीटर की छलांग के साथ जीता।
बॉक्सिंग में अभी 8 और गोल्ड की उम्मीद
भारतीय बॉक्सिंग टीम का अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है। भारत के आठ और मुक्केबाज अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में उतरेंगे। इनमें जदुमणि सिंह, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास, अरुंधति चौधरी, लवलीना बोरगोहेन, सचिन सिवाच, अंकुश पंघाल और नरेंद्र बरवाल शामिल हैं। यदि इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक रहा तो भारत मेडल टैली में और ऊपर पहुंच सकता है।
जूडो में उन्नति शर्मा क्वार्टर फाइनल में

जूडो में भारत की उन्नति शर्मा ने महिला 63 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ-16 मुकाबले में लामुलेला मागागुला को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। अब उनसे भी पदक की उम्मीद की जा रही है।
एथलेटिक्स में मिला झटका
पैरा एथलेटिक्स की पुरुष 1500 मीटर टी-54 स्पर्धा में भारत के रमेश शनमुगम सातवें स्थान पर रहे। उन्होंने 3 मिनट 23.59 सेकंड का समय लिया और पदक जीतने से चूक गए। महिलाओं की 10,000 मीटर रेस वॉक में भारत की रवीना गायकवाड़ को नियमों के उल्लंघन के कारण तीन रेड कार्ड मिलने पर डिस्क्वालिफाई कर दिया गया। इसके साथ ही उनका अभियान समाप्त हो गया।
कई खेलों में पदकों की उम्मीद बरकरार
शनिवार को कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 44 गोल्ड मेडल इवेंट्स आयोजित किए जा रहे हैं। एथलेटिक्स, पैरा एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, ट्रैक साइक्लिंग और लॉन बॉल्स में भारतीय खिलाड़ी लगातार चुनौती पेश कर रहे हैं।
लॉन बॉल्स में नवनीत सिंह और दिनेश कुमार की जोड़ी इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला खेलेगी, जबकि महिला सिंगल्स में नयनमोनी सैकिया दक्षिण अफ्रीका की ब्रिजेट हर्सेलमैन के खिलाफ उतरेंगी। ट्रैक साइक्लिंग में दिनेश कुमार और हर्षवीर सिंह सेखों भी क्वालिफाइंग राउंड में भाग लेंगे।
भारतीय दल के मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए आने वाले मुकाबलों में देश के पदकों की संख्या और बढ़ने की पूरी उम्मीद है।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib





