Glenn Maxwell Retirement : ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेकर क्रिकेट फैंस को चौंका दिया है। 38 साल के मैक्सवेल अब ऑस्ट्रेलिया की जर्सी में मैदान पर खेलते नजर नहीं आएंगे। उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है।

Written by Kajal Panchal • Published on : 3 November 2026
IBN24 NEWS NETWORK : इससे पहले जून 2025 में वह वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके थे। हालांकि, उनके फैंस के लिए राहत की बात यह है कि मैक्सवेल अभी क्रिकेट से पूरी तरह दूरी नहीं बना रहे हैं। वह बिग बैश लीग (BBL) में मेलबर्न स्टार्स के लिए खेलना जारी रखेंगे। इसके अलावा IPL में भी उनके खेलने का रास्ता खुला है।
130 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में बनाए 2,897 रन
ग्लेन मैक्सवेल का टी-20 इंटरनेशनल करियर शानदार रहा है। उन्होंने साल 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए कुल 130 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले और 2,897 रन बनाए।

इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक निकले। वह टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। खास बात यह है कि भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के नाम भी इस फॉर्मेट में 5 शतक दर्ज हैं।
वहीं, टेस्ट क्रिकेट में मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 7 मुकाबले खेले और 339 रन बनाए। उनका एकमात्र टेस्ट शतक साल 2017 में भारत के खिलाफ रांची में आया था।
मेलबर्न स्टार्स के लिए खेलते रहेंगे मैक्सवेल
इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद मैक्सवेल फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सक्रिय रहेंगे। वह बिग बैश लीग में मेलबर्न स्टार्स की तरफ से खेलना जारी रखेंगे। टीम के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट 2027-28 सीजन तक है।

इसके अलावा IPL में भी उनके खेलने की संभावना बनी हुई है। इसलिए क्रिकेट प्रेमियों को मैक्सवेल की विस्फोटक बल्लेबाजी और शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन देखने का मौका मिलता रहेगा।
संन्यास लेने के पीछे क्या रही वजह ?
मैक्सवेल ने अपने भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं पर ‘द फाइनल वर्ड’ पॉडकास्ट में बात की। उन्होंने बताया कि टी-20 वर्ल्ड कप से पहले और उसके बाद भी उनके इंटरनेशनल करियर को लेकर बातचीत हुई थी।

हालांकि, उन्होंने साफ किया कि टीम मैनेजमेंट की तरफ से उन पर संन्यास लेने का कोई दबाव नहीं था। टीम ने नए खिलाड़ियों को मौका देने की योजना बनाई थी। बांग्लादेश दौरे पर भी कुछ नए खिलाड़ियों को अवसर मिला और उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। मैक्सवेल के मुताबिक, पिछले कुछ समय से भविष्य को लेकर विचार चल रहा था। इसके बाद उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से आगे बढ़ने का फैसला किया।
MCG में विदाई मैच खेलने की थी उम्मीद
ग्लेन मैक्सवेल की इच्छा थी कि उन्हें अपने घरेलू मैदान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर इंटरनेशनल क्रिकेट से विदाई लेने का मौका मिले। इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले व्हाइट-बॉल दौरे में मेलबर्न में एक टी-20 मुकाबला खेला जाना है।
मैक्सवेल को उम्मीद थी कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड उन्हें इस मुकाबले में खेलने का अवसर देगा। हालांकि, उन्होंने इस मैच में खेलने के विकल्प के बजाय बिग बैश लीग की तैयारी को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि पिछले 15 साल से टी-20 क्रिकेट उनके लिए घर जैसा रहा है। इसलिए MCG में विदाई मैच खेलना उनके लिए खास होता।
घुटने की चोट से उबरने के लिए करेंगे 8 सप्ताह रिहैब
मैक्सवेल फिलहाल घुटने की चोट से उबरने पर ध्यान दे रहे हैं। इसके लिए वह करीब 8 सप्ताह तक रिहैबिलिटेशन करेंगे। उनका लक्ष्य बिग बैश लीग के आगामी सीजन के लिए पूरी तरह फिट होना है।
ग्लेन मैक्सवेल के करियर की बड़ी उपलब्धियां
ग्लेन मैक्सवेल ने अपने इंटरनेशनल करियर में कई यादगार प्रदर्शन किए हैं। उन्होंने 2015 और 2023 में ऑस्ट्रेलिया के साथ वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता। इसके अलावा 2021 में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी हिस्सा रहे।
वहीं, 2023 वनडे वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ उनकी 201 रनों की ऐतिहासिक पारी क्रिकेट इतिहास की सबसे यादगार पारियों में शामिल है। इस पारी में उन्होंने चोट के बावजूद ऑस्ट्रेलिया को शानदार जीत दिलाई थी।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib





