Panchkula Marriage Fraud 5th Pass Husband Fir : हरियाणा के पंचकूला में शादी से पहले युवक की शिक्षा, चरित्र और आदतों को लेकर कथित तौर पर गलत जानकारी देने का मामला सामने आया है। मॉडल टाउन पिंजौर की रहने वाली बीएससी नर्सिंग पास युवती ने आरोप लगाया है कि जिस युवक को शादी से पहले बीए ग्रेजुएट, नशा न करने वाला और अच्छे चरित्र का बताया गया था, वह शादी के बाद महज 5वीं पास निकला।

Written by Kajal Panchal • Published on : 24 August 2026
IBN24 NEWS NETWORK : पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद उसे पति के नशे की आदत, मारपीट और पहले से दर्ज मामलों की जानकारी मिली। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति उसके साथ कमरे में बंद कर मारपीट करता था और उसे घर में बंधक बनाकर रखा जाता था।
शिकायत के बाद वूमेन सेल और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की जांच के उपरांत पिंजौर थाना पुलिस ने आरोपी पति सुखचैन सिंह, ननद सतबीर कौर और बिचौलिया सुखविंदर कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बिचौलिये के जरिए आया था रिश्ता
पीड़िता चांदनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके लिए सुखचैन सिंह का रिश्ता महिला बिचौलिये सुखविंदर कौर के जरिए आया था। परिवार को बताया गया था कि युवक आर्ट्स में ग्रेजुएट यानी बीए पास है। इसके साथ ही उसे नशा न करने वाला और अच्छे चरित्र का व्यक्ति बताया गया।

इन जानकारियों के आधार पर परिवार ने रिश्ता स्वीकार कर लिया और शादी की तैयारियां शुरू कर दीं।
शादी और रिंग सेरेमनी में लाखों रुपये खर्च करने का दावा
पीड़िता के अनुसार, परिवार ने रिंग सेरेमनी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए। इसके बाद शादी में लगभग 40 से 45 लाख रुपये खर्च किए गए। शिकायत में भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान दिए जाने की बात भी कही गई है।

परिवार का आरोप है कि उन्हें युवक और उसके परिवार के बारे में पूरी और सही जानकारी नहीं दी गई थी।
शादी के बाद 5वीं पास निकला पति
शादी के बाद जब पीड़िता को पति की शैक्षणिक योग्यता के बारे में जानकारी मिली तो उसके अनुसार वह बीए पास नहीं, बल्कि केवल 5वीं कक्षा तक पढ़ा हुआ था।
पीड़िता ने पति पर नशा करने और उसके साथ मारपीट करने के भी आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, शादी के बाद उसे कथित तौर पर घर में बंद करके रखा जाता था और उससे नौकरों की तरह काम कराया जाता था।
पहले से दर्ज मामलों की जानकारी छिपाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि शादी से पहले उसे पति के खिलाफ दर्ज पुराने मामलों की जानकारी नहीं दी गई। शिकायत के अनुसार, बाद में उसे पता चला कि आरोपी पति के खिलाफ पहले से दुष्कर्म के दो मामले दर्ज हैं।
इसके अलावा पीड़िता ने पति के किसी अन्य महिला के साथ कथित अवैध संबंध होने का भी आरोप लगाया है।
उंगली में इंफेक्शन होने पर अस्पताल नहीं ले जाने का आरोप
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसकी हाथ की उंगली में इंफेक्शन हो गया था। जब उसने पति से इलाज के लिए अस्पताल ले जाने को कहा तो कथित तौर पर उसे एक स्थानीय क्लिनिक में ले जाया गया।
पीड़िता का आरोप है कि वहां एक झोलाछाप डॉक्टर ने उसके नाखून और मांस को काट दिया, जिसके बाद इंफेक्शन और बढ़ गया।
पुलिस ने दर्ज की FIR
पिंजौर थाना SHO राजेश कुमार के अनुसार, महिला की शिकायत पर आरोपी पति सुखचैन सिंह, ननद सतबीर कौर और बिचौलिया सुखविंदर कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 और 316(2) के तहत FIR दर्ज की गई है।
फिलहाल मामले की जांच महिला ASI सुनिता को सौंपी गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Please also read this article :
LinkedIn Marketing Tips for Professionals : अपना नेटवर्क बनाने और बढ़ाने के 5 बेहतरीन तरीके
Top 5 Free AI Tools : for Content Writing Every Creator Should Use
Instagram: https://www.instagram.com/ib





