Kangana Ranuat Taunt Rahul Gandhi on Sanskar : मंडी से भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनोट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर एक बार फिर निशाना साधा है। कंगना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी की दो तस्वीरों का कोलाज शेयर करते हुए तंज कसा। उन्होंने पोस्ट पर ‘संस्कार अपने-अपने’ लिखकर दोनों नेताओं के व्यवहार की तुलना की। उनकी इस पोस्ट के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Written by Kajal Panchal • Published on : 18 November 2026
IBN24 NEWS NETWORK : दरअसल, कंगना की ओर से शेयर की गई पहली तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी मां के सामने झुककर उनका आशीर्वाद लेते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, दूसरी तस्वीर में राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के साथ नजर आ रहे हैं। इसमें राहुल गांधी सोनिया गांधी का चेहरा सहलाते दिखाई दे रहे हैं। कंगना ने दूसरी तस्वीर में सोनिया गांधी के चेहरे के आसपास रेड सर्कल भी बनाया है। दोनों तस्वीरों को एक साथ शेयर करते हुए कंगना ने ‘संस्कार अपने-अपने’ कैप्शन लिखा। इस पोस्ट को राहुल गांधी पर राजनीतिक कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है।
राहुल गांधी के बयान के बाद शुरू हुआ विवाद
कंगना की यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई है, जब राहुल गांधी के एक बयान को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग जारी है। दरअसल, सोमवार को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के आपसी प्रेम और पारिवारिक जीवन से जुड़ा एक किस्सा सुनाया था।

राहुल गांधी ने बताया था कि बचपन में भोजन के समय उनकी मां सोनिया गांधी उनके पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की गोद में बैठती थीं। उन्होंने कहा था कि बचपन में उन्हें यह सामान्य बात लगती थी, लेकिन जब वह अपने दोस्तों के घर जाते थे तो वहां ऐसा नहीं देखते थे। इसके बाद उन्होंने दोस्तों से इस बारे में सवाल भी किया था। राहुल गांधी के इस बयान के बाद भाजपा नेताओं ने उनकी आलोचना शुरू कर दी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा समेत कई भाजपा नेताओं ने इस टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। वहीं, राहुल गांधी ने इसके जवाब में भगवान शिव और माता पार्वती की एक प्राचीन मूर्ति की तस्वीर साझा करते हुए प्रेम और अपनत्व का संदेश देने की कोशिश की।
गांधी परिवार पर टिप्पणियों को लेकर कंगना के खिलाफ FIR
गौरतलब है कि गांधी परिवार और सोनिया गांधी को लेकर कंगना रनोट की सोशल मीडिया टिप्पणियां पहले भी विवाद का कारण बन चुकी हैं। इसी मामले में हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के बालूगंज थाने में कंगना के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

पुलिस ने शिमला निवासी कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर 13 नवंबर को यह कार्रवाई की थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि कंगना ने 10 नवंबर को अपने सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट से गांधी परिवार को लेकर कई पोस्ट साझा की थीं।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि इन पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों को लेकर आपत्तिजनक संकेत दिए गए थे। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। फिलहाल कंगना की नई पोस्ट ने एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी को चर्चा में ला दिया है। सोशल मीडिया पर भी इस पोस्ट को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib





