Home Haryana Haryana Monsoon : हरियाणा में आज से धीमा पड़ेगा मानसून, बढ़ेगी उमस,...

Haryana Monsoon : हरियाणा में आज से धीमा पड़ेगा मानसून, बढ़ेगी उमस, 6 जिलों में हल्की बारिश के आसार, इन 6 जिलों में बारिश का अलर्ट…

Haryana Monsoon : हरियाणा में पिछले कई दिनों से सक्रिय मानसून अब थोड़ा धीमा पड़ने वाला है। मौसम विभाग और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 11 जुलाई से प्रदेश में मानसून की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि, राज्य के उत्तरी हिस्सों में आज भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

Haryana Monsoon

Written by Kajal Panchal • Published on : 11 July 2026

IBN24 News Network : मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा इस समय श्रीगंगानगर, हिसार, गोरखपुर, पूर्णिया होते हुए मिजोरम तक बनी हुई है। अब यह रेखा धीरे-धीरे हिमालय की तलहटी की ओर बढ़ रही है, जिससे हरियाणा में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं।

इन 6 जिलों में बारिश का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। प्रदेश के अन्य जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

Haryana Monsoon

पहाड़ों में बारिश का असर, हथिनीकुंड बैराज पर बढ़ा जलस्तर

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर हरियाणा में भी देखने को मिल रहा है। यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने से हथिनीकुंड बैराज पर पानी का प्रवाह लगभग 50 हजार क्यूसेक तक पहुंच गया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

पंचकूला में धारा 163 लागू

भारी बारिश के चलते पंचकूला में घग्गर, कौशल्या और टांगरी नदियां उफान पर हैं। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे जिले में बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी है। 28 अगस्त 2026 तक नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने पर प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बढ़ेगी उमस, चढ़ेगा तापमान

Haryana Monsoon

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की गतिविधियां कमजोर होने और हवाओं की दिशा बदलने से अब दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। बारिश कम होने से वातावरण में उमस बढ़ेगी, जिससे लोगों को गर्मी अधिक महसूस हो सकती है। हालांकि रात का तापमान फिलहाल सामान्य के आसपास बना रहेगा।

पिछले 24 घंटे में बढ़ा दिन का तापमान

पिछले 24 घंटों के दौरान हरियाणा के अधिकतम तापमान में औसतन 2.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान सामान्य से करीब 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है।

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान सिरसा में 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 37.5 डिग्री, फतेहाबाद और नूंह में 35.9 डिग्री, चरखी दादरी में 35.7 डिग्री, भिवानी में 35.5 डिग्री तथा रोहतक में 34.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

रात का सबसे कम तापमान यमुनानगर में

न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम है। यमुनानगर के हथिनीकुंड क्षेत्र में सबसे कम 23 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबाला और करनाल में 23.4 डिग्री, नारनौल में 24.5 डिग्री, गुरुग्राम में 25.3 डिग्री तथा कैथल में 25.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज धूप और उमस के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और नदी-नालों के आसपास जाने से बचें। जिन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहां के लोगों को मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.

Please also read this article :

Tamil Nadu CM Race : बहुमत के बिना सरकार गठन पर अटका TVK का दावा, आपको क्या लगता है शपथ ले पाएंगे विजय ?

PM Modi Changed Profile Photo by OPERATION SINDOOR : सेना को किया सलाम, जानिए गृह मंत्री ने आतंकियों को क्या दी चेतावनी…

Haryana Foreign Tour Ban : सरकारी कर्मचारियों और मंत्रियों के विदेश दौरों पर लगाम, वैश्विक तनाव के बीच हरियाणा सरकार सख्त, जानिए नई गाइडलाइन में क्या हो सकते हैं नियम ?

Suvendu Adhikari First Cabinet Meeting : ‘सबके लिए काम करेंगे’ का दिया संदेश, जानिए पहली कैबिनेट बैठक में कौन से लिए 6 बड़े फैसले

Thalapathy Vijay Government Controversy : तमिलनाडु में कल सरकार बनी, दूसरे ही दिन शुरू हो गई खींचतान ! शपथ समारोह के एक फैसले से बढ़ा विवाद, क्या विजय संभाल पाएंगे सहयोगियों की नाराज़गी ?

Instagram: https://www.instagram.com/ib

Advertisement