West Bengal Violence : BJP नेता सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या, TMC पर लगे गंभीर आरोप

IBN24 News NetworkKajal Panchal • Published on : 6 May 2026
Suvendu Adhikari PA Murder : पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद एक बार फिर राजनीतिक हिंसा ने डरावना रूप लेना शुरू कर दिया है। उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष Suvendu Adhikari के बेहद करीबी सहयोगी और निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे राज्य की राजनीति को गर्मा दिया है। घटना बुधवार रात करीब 10:15 बजे की बताई जा रही है, जब चंद्रनाथ रथ कोलकाता से अपने घर लौट रहे थे। तभी मध्यमग्राम के दोहरिया इलाके में बाइक सवार हमलावरों ने उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी को घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमला इतना अचानक और सुनियोजित था कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला।
घर से सिर्फ 200 मीटर दूर मौत का हमला
जानकारी के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ अपने घर से महज 200 मीटर की दूरी पर थे, तभी हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार मोटरसाइकिलों पर सवार करीब आठ लोग पहले से इलाके में मौजूद थे और लगातार उनकी गाड़ी की निगरानी कर रहे थे।

सूत्रों का दावा है कि हमलावरों ने विदेशी हथियारों का इस्तेमाल किया। गोली लगने के बाद रथ गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और ड्राइवर की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी नर्सिंग होम ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
वारदात की खौफनाक कहानी
सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद सामने आए पूरी वारदात का भयावह मंजर था। सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी देखी। ड्राइवर जोर-जोर से रो रहा था और कह रहा था — “सर, ये क्या हो गया!” गाड़ी के अंदर बैठे चंद्रनाथ रथ पूरी तरह खून से लथपथ थे। उनके सीने से लगातार खून बह रहा था और वह बोल पाने की स्थिति में नहीं थे। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल था।
क्या पहले से रची गई थी हत्या की साजिश?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला पूरी तरह प्लानिंग के तहत किया गया था। जांच एजेंसियां एक संदिग्ध कार की भूमिका भी खंगाल रही हैं, जिसका रजिस्ट्रेशन कोड सिलिगुड़ी (WB-74) का बताया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसी कार ने कथित तौर पर फायरिंग से ठीक पहले चंद्रनाथ रथ की गाड़ी को रोका था। जैसे ही उनकी गाड़ी रुकी, बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी और कुछ ही सेकंड में फरार हो गए।
पुलिस ने क्या कहा?
पश्चिम बंगाल पुलिस के डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता ने बताया कि जांच टीम को शक है कि वारदात में इस्तेमाल की गई कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश जारी है। फिलहाल पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
कौन थे चंद्रनाथ रथ?
चंद्रनाथ रथ भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी माने जाते थे। वह लंबे समय से उनके एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट के रूप में काम कर रहे थे। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी रणनीति और संगठनात्मक जिम्मेदारियों में उनकी बड़ी भूमिका बताई जाती है। राजनीतिक गलियारों में उन्हें एक मजबूत संगठनकर्ता माना जाता था। जानकारी के अनुसार, वह पहले एयरफोर्स में भी सेवा दे चुके थे।
चुनाव नतीजों के बाद बंगाल में बढ़ती हिंसा
4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद से पश्चिम बंगाल में लगातार हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। कई जगहों पर राजनीतिक झड़प, हमले और आगजनी की खबरें आई हैं।इसी बीच सुवेंदु अधिकारी ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पार्टी से जुड़ा हो।लेकिन अब उनके ही करीबी सहयोगी की हत्या ने बंगाल की कानून-व्यवस्था और राजनीतिक माहौल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








