UP Storm Deaths : उत्तर प्रदेश में बुधवार शाम आए भीषण आंधी-तूफान, तेज बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अब तक 101 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे सड़कें बाधित हो गईं और आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ।

Written by Kajal Panchal • Published on : 14 May 2026
IBN24 News Network : सबसे ज्यादा असर प्रयागराज, भदोही और मिर्जापुर जैसे जिलों में देखने को मिला, जहां कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया। मौसम के अचानक बदले रौद्र रूप ने लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया। शाम के समय तेज तूफान के साथ आई बारिश ने गांवों और शहरों दोनों में भारी नुकसान पहुंचाया।
इन जिलों में सबसे ज्यादा तबाही
मौसम के कहर से प्रयागराज में 21 लोगों की मौत हुई है, जबकि भदोही में 18 और मिर्जापुर में 15 लोगों ने जान गंवाई। इसके अलावा फतेहपुर में 10, उन्नाव और बदायूं में 6-6, बरेली और प्रतापगढ़ में 4-4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
सीतापुर, रायबरेली, चंदौली, कानपुर देहात, हरदोई और संभल समेत कई जिलों में भी लोगों की जान गई है। प्रशासन लगातार मृतकों और घायलों के आंकड़े जुटाने में लगा हुआ है।
पेड़ों के नीचे छिपे लोग भी नहीं बच सके
तूफान इतना तेज था कि सड़कों पर लगे बड़े-बड़े पेड़ उखड़कर गिर पड़े। कई जगहों पर लकड़ी और टीन की झोपड़ियां हवा में उड़ गईं। लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित जगह तलाशते रहे, लेकिन तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश ने हालात और भयावह बना दिए।
कुछ लोग बचने के लिए पेड़ों के नीचे जाकर खड़े हो गए, लेकिन तेज तूफान में वही पेड़ गिर पड़े और कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कई वाहन भी पेड़ों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे सड़क मार्ग बाधित हो गया।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब बने रहने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है।
सीएम योगी ने जताया दुख, अधिकारियों को सख्त निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तुरंत फील्ड में उतरकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि प्रभावित परिवारों तक 24 घंटे के भीतर राहत पहुंचाई जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मृतकों के परिजनों को जल्द मुआवजा देने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
नुकसान का सर्वे कर तत्काल मुआवजा देने के आदेश
सीएम योगी ने राजस्व विभाग, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि फसल, पशुधन और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन जल्द पूरा कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाए ताकि प्रभावित लोगों को तत्काल आर्थिक सहायता मिल सके।
सरकार ने प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने और हर प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाने को कहा है।
Please also read this article : Gold Price Today: गिरावट के बाद संभला बाजार, जानिए देशभर में कहां पर कितना है सोने का भाव
Instagram: https://www.instagram.com/ibn24newsnetwork
पल पल की खबर के लिए IBN24 NEWS NETWORK का YOUTUBE चैनल आज ही सब्सक्राइब करें। चैनल लिंक:https://youtube.com/@IBN24NewsNetwork?si=ofbILODmUt20-zC3
कपड़ों से बनी ऐक्सेसरी
शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
Facebook: https://www.facebook.com/ibn24newsnetwork/