Haryana ITI Admission 2026 : हरियाणा में आईटीआई (औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान) में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। हरियाणा कौशल एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने राज्य की सभी सरकारी आईटीआई में एडमिशन प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी 2 जून से 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

Written by Kajal Panchal • Published on : 28 May 2026
IBN24 News Network : दाखिले के लिए आवेदन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट admissions.itiharyana.gov.in पर किए जाएंगे। आवेदन के दौरान उम्मीदवारों के पास आधार नंबर, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और परिवार पहचान पत्र (PPP) होना जरूरी होगा।
ऑनलाइन आवेदन के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
विभाग की ओर से कहा गया है कि आवेदन करते समय अभ्यर्थी अपना स्वयं का मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी ही इस्तेमाल करें, ताकि एडमिशन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नलवा के प्रधानाचार्य सुनील सचदेवा ने बताया कि दाखिले से जुड़ी सभी जानकारी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। साथ ही, छात्रों की सहायता के लिए प्रदेश की सभी आईटीआई में हेल्पडेस्क भी बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि छात्र अपने जरूरी दस्तावेजों के साथ किसी भी आईटीआई में जाकर आवेदन भर सकते हैं। आईटीआई में एडमिशन फॉर्म भरने के लिए किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा छात्र अपने स्तर पर या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन में गलती न करें
अधिकारियों ने छात्रों को सलाह दी है कि आवेदन फॉर्म भरते समय नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि और अन्य जानकारी सही तरीके से दर्ज करें। किसी भी प्रकार की त्रुटि भविष्य में परेशानी का कारण बन सकती है।

छात्राओं को मिलेगी स्कॉलरशिप और फ्री बस पास
किसी भी ट्रेड में एडमिशन लेने वाली छात्राओं को एकमुश्त 2500 रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके अलावा छात्र और छात्राओं दोनों को मुफ्त बस पास की सुविधा भी मिलेगी।
हरियाणा के अनुसूचित जाति वर्ग के छात्रों और सभी वर्ग की छात्राओं को 1000 रुपए की निशुल्क टूल किट भी प्रदान की जाएगी।
ITI के बाद 10वीं-12वीं का प्रमाण पत्र भी मिलेगा
आठवीं के बाद आईटीआई करने वाले विद्यार्थियों को हिंदी और इंग्लिश विषय का पेपर पास करने पर भिवानी बोर्ड की ओर से 10वीं का प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।
वहीं, 10वीं के बाद आईटीआई करने वाले छात्रों को हिंदी या इंग्लिश में से किसी एक विषय की परीक्षा पास करने पर 12वीं का प्रमाण पत्र मिलेगा।
इसके बाद विद्यार्थी आगे की पढ़ाई जारी रखते हुए सीधे ग्रेजुएशन में दाखिला ले सकते हैं। साथ ही पॉलिटेक्निक में सेकेंड ईयर में प्रवेश लेने का भी अवसर मिलेगा।
अग्निवीर भर्ती में मिलेगा अतिरिक्त लाभ
अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर बनने के इच्छुक आईटीआई पास युवाओं को 40 अतिरिक्त अंक का लाभ मिलेगा। वहीं पासपोर्ट बनवाने के लिए 1500 रुपए की सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी।
विदेश जाने वालों को फ्री पासपोर्ट सुविधा
आईटीआई पास करने वाले छात्र स्वरोजगार भी शुरू कर सकते हैं। उद्यमी योजना के तहत उन्हें बैंक लोन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए नि:शुल्क पासपोर्ट सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
Please also read this article : Gold Price Today: गिरावट के बाद संभला बाजार, जानिए देशभर में कहां पर कितना है सोने का भाव
Instagram: https://www.instagram.com/ibn24newsnetwork
पल पल की खबर के लिए IBN24 NEWS NETWORK का YOUTUBE चैनल आज ही सब्सक्राइब करें। चैनल लिंक:https://youtube.com/@IBN24NewsNetwork?si=ofbILODmUt20-zC3
शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
Facebook: https://www.facebook.com/ibn24newsnetwork/





