BJP New Team 2026 : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महामंत्री और 16 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए हैं।

Written by Kajal Panchal • Published on : 17 August 2026
IBN24 NEWS NETWORK : नई टीम में हरियाणा से जुड़े नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। राज्यसभा सांसद संजय भाटिया और हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वहीं, हरियाणा भाजपा के सोशल मीडिया प्रमुख रहे अरुण यादव को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
दूसरी ओर, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रहे ओमप्रकाश धनखड़ को नई टीम में जगह नहीं मिली है।
संजय भाटिया को राष्ट्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी
पानीपत के रहने वाले संजय भाटिया भाजपा के पुराने संगठनकर्ताओं में गिने जाते हैं। वह 2019 में करनाल लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। उस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप शर्मा को 6.56 लाख से अधिक वोटों के अंतर से हराया था।

भाटिया हरियाणा भाजपा में प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। 2026 में भाजपा ने उन्हें हरियाणा से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया, जिसके बाद वह उच्च सदन पहुंचे।
राज्यसभा में उनके संसदीय कार्यकाल के दौरान गृह मामलों की स्थायी समिति, सांसदों के वेतन-भत्तों संबंधी संयुक्त समिति और MSME मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति जैसी जिम्मेदारियां भी रही हैं।
भाटिया को केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के करीबी नेताओं में भी गिना जाता है।
सतीश पूनिया को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी
डॉ. सतीश पूनिया मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं और राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। पार्टी संगठन में उन्होंने प्रदेश महामंत्री समेत कई जिम्मेदारियां संभाली हैं। इसके बाद उन्हें राजस्थान भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।

फिलहाल वह राज्यसभा सांसद हैं और हरियाणा भाजपा प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद संगठन में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। 2026 में भाजपा ने उन्हें राजस्थान से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया था। अब नई राष्ट्रीय टीम में उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
अरुण यादव को राष्ट्रीय सोशल मीडिया की जिम्मेदारी
गुरुग्राम निवासी अरुण यादव भाजपा के डिजिटल और सोशल मीडिया अभियानों से जुड़े प्रमुख चेहरों में रहे हैं। उन्हें नई राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। अरुण यादव जनवरी 2024 में हरियाणा भाजपा के सोशल मीडिया प्रमुख बनाए गए थे। इससे पहले वह हरियाणा भाजपा की IT सेल की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

उन्होंने 2009 में MBA किया। कॉरपोरेट सेक्टर में काम करने के बाद अक्टूबर 2018 में भाजपा से जुड़े। 2019 के जींद उपचुनाव के दौरान उन्होंने पार्टी के डिजिटल अभियानों में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की। उनकी नई जिम्मेदारी भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के डिजिटल और सोशल मीडिया अभियानों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सुधा यादव के बेटे सिद्धार्थ यादव को भी नई जिम्मेदारी
महेंद्रगढ़ से जुड़ी भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव के बेटे सिद्धार्थ यादव को भी संगठन में नई जिम्मेदारी मिली है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार उन्हें मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

सिद्धार्थ यादव इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर पार्टी का पक्ष रखते रहे हैं। वह सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट हैं। उन्होंने LLB और LLM की पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने University College London (UCL) से Public Policy की पढ़ाई की है।
उनकी मां डॉ. सुधा यादव 1999 के लोकसभा चुनाव में महेंद्रगढ़ से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर संसद पहुंची थीं। वह 2019 से 2022 तक राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (NCBC) की सदस्य रहीं। अगस्त 2022 में उन्हें भाजपा के संसदीय बोर्ड में शामिल किया गया था।
ओमप्रकाश धनखड़ को नहीं मिली जगह

हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रहे ओमप्रकाश धनखड़ को इस बार घोषित नई राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली है। नई टीम में कई पुराने और नए चेहरों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी की ओर से जारी सूची में राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक ढांचे में बदलाव देखने को मिला है।
भाजपा की नई टीम में कौन-कौन ?
नई राष्ट्रीय टीम में कई प्रमुख नाम शामिल किए गए हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में वसुंधरा राजे, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, डॉ. भारती प्रवीन पवार और अन्य नेताओं को जिम्मेदारी मिली है। वहीं, राष्ट्रीय महामंत्रियों की टीम में स्मृति ईरानी समेत 8 नेताओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा पार्टी ने 16 राष्ट्रीय सचिव भी नियुक्त किए हैं।
हरियाणा के लिए क्यों अहम है नई टीम ?
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में हरियाणा से जुड़े नेताओं को मिली जिम्मेदारियां राज्य संगठन के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। संजय भाटिया को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने से उन्हें राष्ट्रीय संगठन में बड़ी भूमिका मिली है, जबकि हरियाणा भाजपा प्रभारी रहे सतीश पूनिया को भी राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की अहम जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, अरुण यादव की राष्ट्रीय सोशल मीडिया टीम में एंट्री भाजपा के डिजिटल संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इससे हरियाणा भाजपा के संगठनात्मक और डिजिटल नेटवर्क को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिला है।
Please also read this article :
LinkedIn Marketing Tips for Professionals : अपना नेटवर्क बनाने और बढ़ाने के 5 बेहतरीन तरीके
टीवी नेटवर्क और स्टेशन
LinkedIn Marketing Tips for Professionals : अपना नेटवर्क बनाने और बढ़ाने के 5 बेहतरीन तरीके
Top 5 Free AI Tools : for Content Writing Every Creator Should Use
Top 5 Free AI Tools : for Content Writing Every Creator Should Use
Instagram: https://www.instagram.com/ib





