Hospital Escapee Arrested After 20 Days : करनाल के सरकारी अस्पताल की तीसरी मंजिल से पुलिस कस्टडी से फरार हुए कुख्यात बदमाश को आखिरकार 20 दिन बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गुरजीत को मंगलवार रात अंबाला के रजापुरा रोड क्षेत्र से CIA-1 की टीम ने काबू किया। आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसकी तलाश में पुलिस की चार टीमें लगातार जुटी हुई थीं।

Written by Kajal Panchal • Published on : 17 June 2026
IBN24 News Network : बुधवार को आरोपी का मेडिकल करवाने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को उसका रिमांड मिल गया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर यह जानने का प्रयास करेगी कि फरारी के दौरान उसे किसने मदद पहुंचाई और वह पिछले 20 दिनों में कहां-कहां छिपा रहा।
पेट्रोल पंप लूटकांड का आरोपी था गुरजीत
पंजाब के खरड़ निवासी गुरजीत पर हरियाणा के करनाल, कुरुक्षेत्र, सोनीपत और पलवल जिलों में पेट्रोल पंप लूट की कई वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं। पुलिस ने उसे 25 मई को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी से पहले वह तरावड़ी स्थित चौधरी पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश और फायरिंग के मामले में वांछित था। मुठभेड़ के दौरान उसके कूल्हे के पास गोली लगी थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बेडशीट ओढ़कर अस्पताल से हुआ फरार
28-29 मई की रात आरोपी पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया था। अस्पताल के कैदी वार्ड में चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी हुई थी, लेकिन आरोपी ने बीमारी और दर्द का नाटक कर सभी को भ्रमित कर दिया।
बताया गया कि वह दो दिनों से लगातार दर्द में होने का दिखावा कर रहा था और ऐसा जताता था कि वह ठीक से चल भी नहीं सकता। लेकिन सीसीटीवी फुटेज में वह पूरी तरह सामान्य तरीके से चलता हुआ दिखाई दिया।
बिजली गुल होते ही बनाया भागने का प्लान
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक रात करीब 12 बजे के बाद आए तूफान के कारण बिजली कुछ मिनटों के लिए चली गई थी। इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाया और बेडशीट ओढ़कर वार्ड से बाहर निकल गया।
बिजली आने के बाद पुलिसकर्मियों ने जब वार्ड की जांच की तो आरोपी गायब मिला। उसके हाथों में लगी हथकड़ी बेड पर ही मिली। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी आराम से चलता हुआ दिखाई दिया, जबकि दिनभर वह चलने-फिरने में असमर्थ होने का नाटक कर रहा था।
6 पुलिसकर्मी हुए थे सस्पेंड
बदमाश के फरार होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था।
पुलिस ने आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया और उसकी तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गईं।
ऐसे की थी पेट्रोल पंप लूटने की कोशिश
2 मई की सुबह करीब 4:25 बजे आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर तरावड़ी के चौधरी पेट्रोल पंप पहुंचा। उसने पहले 100 रुपये का पेट्रोल डलवाया और फिर सेल्समैन पर पिस्टल तानकर कैश लूटने की कोशिश की।
लेकिन पंप कर्मचारी सुरेश कुमार ने साहस दिखाते हुए आरोपी का मुकाबला किया और शोर मचा दिया। इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति भी मौके पर पहुंच गया। विरोध बढ़ता देख आरोपी ने फायरिंग की, लेकिन गोली किसी को नहीं लगी और वह मौके से फरार हो गया।
23 दिन बाद मुठभेड़ में हुआ था गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। 24-25 मई की रात सूचना मिली कि आरोपी मेरठ रोड स्थित आवर्धन नहर के पास घूम रहा है। इसके बाद CIA-1 की टीम ने घेराबंदी की।

मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर और कूल्हे के पास गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से एक पिस्टल और बिना नंबर प्लेट की बाइक भी बरामद हुई थी।
अब रिमांड पर होगी पूछताछ
CIA-1 के प्रभारी संदीप कुमार के अनुसार आरोपी को अंबाला से गिरफ्तार किया गया है। अदालत से रिमांड मिलने के बाद उससे फरारी के दौरान की गतिविधियों, सहयोगियों और अन्य आपराधिक मामलों को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।
पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
Please also read this article : Gold Price Today: गिरावट के बाद संभला बाजार, जानिए देशभर में कहां पर कितना है सोने का भाव
Instagram: https://www.instagram.com/ibn24newsnetwork





