Abhijeet Deepke Slapped During Jaipur Protest : राजस्थान की राजधानी जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान सोमवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को एक युवक ने कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद मौके पर मौजूद समर्थकों ने युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी।

Written by Kajal Panchal • Published on : 15 June 2026
IBN24 News Network : यह प्रदर्शन नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आयोजित किया गया था। बड़ी संख्या में छात्र, युवा और अभिभावक जयपुर के शहीद स्मारक पर एकत्र हुए थे।
नारेबाजी के दौरान आपस में भिड़े प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी करते समय कुछ युवक आपस में उलझ गए, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए एक युवक को हिरासत में ले लिया। कार्यक्रम के दौरान कई लोगों के मोबाइल फोन चोरी होने की भी शिकायतें सामने आईं। इसके बाद मंच से बार-बार लोगों से अपने मोबाइल और सामान की सुरक्षा करने की अपील की गई।

तिरंगा और पोस्टर लेकर पहुंचे युवा
प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने अपने हाथों में “मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है” और “पेपर लीक बंद करो” जैसे संदेश लिखे पोस्टर थाम रखे थे। कई प्रदर्शनकारी राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर भी पहुंचे। कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुईं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम शुरू होने से पहले पार्टी के वॉलंटियर्स ने शहीद स्मारक के प्रवेश द्वार पर कॉकरोच का स्केच बनाकर विरोध दर्ज कराया। साथ ही “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” के नारे भी लिखे गए।
छात्रों और अभिभावकों की लड़ाई : CJP
कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यह केवल किसी एक संगठन का आंदोलन नहीं है, बल्कि देशभर के छात्रों, युवाओं और अभिभावकों की आवाज है। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष शिक्षा व्यवस्था में सुधार, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि देश के लाखों छात्र और अभिभावक शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर जवाब चाहते हैं तथा सरकार को इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कार्यक्रम के दौरान हुई मारपीट और मोबाइल चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।
Please also read this article : Gold Price Today: गिरावट के बाद संभला बाजार, जानिए देशभर में कहां पर कितना है सोने का भाव
Instagram: https://www.instagram.com/ibn24newsnetwork





