NEET-2026 Exam Scam Case : NEET-2026 परीक्षा को लेकर सामने आए कथित पेपर लीक मामले ने देशभर में हड़कंप मचा दिया है। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की शुरुआती जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि परीक्षा से पहले ही प्रश्नों का एक बड़ा हिस्सा लीक होकर नकल गैंग तक पहुंच गया था। हालांकि अब तक इस पूरे मामले में कोई FIR दर्ज नहीं की गई है, लेकिन जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। सूत्रों के मुताबिक, यह मामला सिर्फ राजस्थान तक सीमित नहीं है और इसके तार कई अन्य राज्यों तक फैले होने की आशंका जताई जा रही है।

SOG की जांच में ‘क्वेश्चन बैंक’ और नेटवर्क के कई राज्यों तक फैले होने के संकेत, प्रिंटिंग प्रेस की भूमिका भी जांच के घेरे में, जांच एजेंसियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं, जो पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर सकते हैं।
Written by Kajal Panchal • Published on : 12 May 2026
IBN24 News Network : जांच एजेंसियों की प्राथमिक जांच में जयपुर के मनीष और सीकर के राकेश मंडावरिया को इस पूरे नेटवर्क के अहम चेहरे के रूप में देखा जा रहा है। राकेश सीकर के पीपराली रोड स्थित एसके कंसल्टेंसी से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसे कथित तौर पर ‘क्वेश्चन बैंक’ तैयार करने और वितरण में अहम भूमिका मिली। एसओजी ने अब तक एक दर्जन से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की है और कई राज्यों में फैले नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश जारी है।
‘क्वेश्चन बैंक’ और 125 सवालों का मेल
जांच में सबसे बड़ा खुलासा यह सामने आया है कि परीक्षा से पहले तैयार किए गए कथित ‘गेस पेपर’ और असली परीक्षा के प्रश्नों में भारी समानता पाई गई।

- कुल 180 में से करीब 125 सवाल परीक्षा से मेल खाते पाए गए
- बायोलॉजी के 90 और केमिस्ट्री के 35 सवाल पहले से उपलब्ध होने की बात सामने आई
- इस ‘लीक क्वेश्चन बैंक’ को छात्रों तक पहुंचाने के लिए डिजिटल और ऑफलाइन दोनों माध्यमों का इस्तेमाल किया गया
एजेंसियों का मानना है कि यह सिर्फ संयोग नहीं बल्कि एक संगठित रैकेट का हिस्सा हो सकता है।
नेटवर्क कई राज्यों तक फैला होने की आशंका
एसओजी की जांच में यह भी सामने आया है कि यह नेटवर्क राजस्थान के सीकर, झुंझुनूं, चूरू और नागौर से होते हुए देहरादून और केरल तक फैला हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, परीक्षा से पहले ही प्रश्नों का डिजिटल रूप (PDF) कई छात्रों तक पहुंचा दिया गया था, जिनमें केरल में पढ़ाई कर रहे कुछ छात्रों के भी नाम सामने आए हैं।
राहुल गांधी का हमला
इस पूरे मामले पर कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा कि परीक्षा नहीं बल्कि सिस्टम की नीलामी हो रही है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हर बार जांच और वादों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी रहती है। उनके अनुसार:

- कई सवाल परीक्षा से 42 घंटे पहले ही व्हाट्सऐप पर बेचे गए
- 22 लाख से अधिक छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ
- 10 साल में 89 पेपर लीक और 48 बार दोबारा परीक्षा हुई
प्रिंटिंग प्रेस की भूमिका पर शक
जांच एजेंसियों को शक है कि इस पूरे मामले में प्रिंटिंग प्रेस से जुड़े कर्मचारियों और अंदरूनी लोगों की भूमिका भी हो सकती है।
- गेस पेपर तैयार करने में अंदरूनी लीक की आशंका
- सवालों को जोड़कर ‘क्वेश्चन बैंक’ बनाने की प्रक्रिया
- छात्रों तक पहुंचाने में स्थानीय नेटवर्क की भूमिका
एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह सामग्री सबसे पहले किसके पास पहुंची और इसके पीछे कौन-कौन शामिल था।
छात्रों की शिकायत के बाद खुली जांच
गौरतलब है कि परीक्षा वाले दिन ही कुछ छात्रों ने सीकर के उद्योग नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन शुरुआत में इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। बाद में छात्रों ने सबूतों के साथ नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (National Testing Agency) को ईमेल भेजा, जिसके बाद मामला जांच एजेंसियों तक पहुंचा। हालांकि NTA के स्थानीय को-ऑर्डिनेटर ने किसी भी आधिकारिक गड़बड़ी से इनकार करते हुए कहा है कि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई थी।
जांच के अगले कदम
SOG और ATS की संयुक्त टीमें अब संदिग्धों के मोबाइल चैट और कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही हैं, डिजिटल ट्रांजैक्शन और मनी ट्रेल की जांच कर रही हैं पूरे ‘क्वेश्चन बैंक’ नेटवर्क को मैप करने में जुटी हैं एजेंसियों का कहना है कि जल्द ही सभी साक्ष्य NTA को सौंपे जाएंगे ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
क्या यह संगठित पेपर लीक रैकेट है ?
फिलहाल जांच इस सवाल पर केंद्रित है कि क्या यह सिर्फ कुछ लोगों की मिलीभगत थी या देशभर में फैला एक संगठित पेपर लीक रैकेट, जिसने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया। जांच आगे बढ़ने के साथ इस पूरे मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Please also read this article : Gold Price Today: गिरावट के बाद संभला बाजार, जानिए देशभर में कहां पर कितना है सोने का भाव
Instagram: https://www.instagram.com/ibn24newsnetwork
पल पल की खबर के लिए IBN24 NEWS NETWORK का YOUTUBE चैनल आज ही सब्सक्राइब करें। चैनल लिंक:https://youtube.com/@IBN24NewsNetwork?si=ofbILODmUt20-zC3
शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
Facebook: https://www.facebook.com/ibn24newsnetwork/








