Sudden Weather Change in Haryana : हरियाणा में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से तेज धूप और उमस के बीच दोपहर बाद कई जिलों में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।

Written by Kajal Panchal • Published on : 15 June 2026
IBN24 News Network : राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान का असर देखने को मिला, जबकि हांसी में ओलावृष्टि भी हुई। वहीं भिवानी जिले के सिवानी क्षेत्र में करीब 100 मीटर ऊंचा धूल भरा बवंडर दिखाई दिया, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। मौसम विभाग ने प्रदेश के 15 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

मौसम में बदलाव का असर सबसे पहले सोनीपत में देखने को मिला, जहां सुबह तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई। ग्रामीण इलाकों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा गुरुग्राम, फतेहाबाद, सिरसा, रेवाड़ी, फरीदाबाद और हांसी में भी बारिश हुई।
गुरुग्राम में तेज बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। सेक्टर-31 समेत कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
8 जिलों में चली धूलभरी आंधी
बारिश के साथ-साथ कई जिलों में तेज आंधी भी चली। हिसार, सिरसा, भिवानी, रोहतक, नारनौल, रेवाड़ी, पानीपत और सोनीपत में धूलभरी हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
हांसी में हल्की बारिश के साथ ओले भी गिरे। वहीं भिवानी के सिवानी क्षेत्र में धूल का विशाल बवंडर दिखाई दिया, जिसकी ऊंचाई करीब 100 मीटर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
15 जिलों में अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
विभाग के अनुसार इन जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद सामान्य से कम गर्मी
पिछले दो दिनों से मौसम साफ रहने के कारण राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है।
सोमवार को रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं भिवानी में 39.5 डिग्री, नूंह में 39.1 डिग्री और नारनौल में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
अगले 5 दिनों में बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि बीच-बीच में हल्की बारिश और आंधी की गतिविधियां जारी रहने की संभावना भी बनी हुई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमीय गतिविधियों के कारण फिलहाल मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों को भी फसलों और कृषि उपकरणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है।
Please also read this article : Gold Price Today: गिरावट के बाद संभला बाजार, जानिए देशभर में कहां पर कितना है सोने का भाव
Instagram: https://www.instagram.com/ibn24newsnetwork





