Lucknow’s Aliganj Fire Incident : राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में भीषण आग लग गई। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें अधिकांश छात्र बताए जा रहे हैं। प्रशासन के अनुसार अभी भी कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है और राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है।
Written by Kajal Panchal • Published on : 22 June 2026
IBN24 News Network : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही दूसरी मंजिल पर संचालित कोचिंग और लाइब्रेरी में अफरा-तफरी मच गई। धुएं और आग से बचने के लिए कई छात्रों ने खुद को बाथरूम के अंदर बंद कर लिया था। हालांकि दम घुटने और आग की चपेट में आने से कई छात्र बाहर नहीं निकल सके।
जान बचाने के लिए पहली मंजिल से कूदा छात्र
हादसे के दौरान एक छात्र ने अपनी जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगा दी। हालांकि वह नीचे लगी लोहे की ग्रिल पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
राहत-बचाव में जुटी फायर ब्रिगेड, SDRF और NDRF
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। SDRF और NDRF की टीमें भी राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं।
फायरकर्मियों ने इमारत के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश की। इसी रास्ते से कुछ शवों को बाहर निकाला गया। अधिकारियों का कहना है कि अंदर अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहुंचे मौके पर
हादसे की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए करीब 14 एम्बुलेंस तैनात की हैं।
इमारत में क्या-क्या संचालित होता था ?
जानकारी के अनुसार जिस इमारत में आग लगी, उसके बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर पेट शॉप तथा क्लीनिक संचालित थे। वहीं दूसरी मंजिल पर “लर्निंग स्पेस” नाम की लाइब्रेरी एवं कोचिंग सेंटर चल रहा था। इसी मंजिल पर “हेड हॉपर स्टूडियो” भी संचालित था, जहां 3D आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का कार्य किया जाता था।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
पूरे शहर में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे लखनऊ को झकझोर कर रख दिया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
(राहत एवं बचाव कार्य जारी है, मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है।)
Please also read this article : Gold Price Today: गिरावट के बाद संभला बाजार, जानिए देशभर में कहां पर कितना है सोने का भाव
Instagram: https://www.instagram.com/ib

