Haryana Health Scheme : हरियाणा सरकार ने बुजुर्गों और आम मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने घोषणा की है कि राज्य में जल्द ही दो नई स्वास्थ्य योजनाएं शुरू की जाएंगी। इनमें बुजुर्गों के लिए ‘वृद्ध सेवा एवं स्वास्थ्य’ पोर्टल और अस्पतालों में मरीजों के लिए ‘संजीवनी योग’ कार्यक्रम शामिल हैं।

Written by Kajal Panchal • Published on : 25 May 2026
IBN24 News Network : सरकार का दावा है कि इन योजनाओं के जरिए बुजुर्गों को नियमित स्वास्थ्य निगरानी, समय पर इलाज और अस्पतालों में समग्र स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। खास बात यह होगी कि आयुष, योग और आधुनिक चिकित्सा पद्धति को एक साथ जोड़कर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
हर गुरुवार लगेंगे बुजुर्गों के लिए विशेष हेल्थ कैंप
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (AYUSH) में हर सप्ताह गुरुवार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन कैंपों में बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच, योग परामर्श और जरूरी स्वास्थ्य सलाह दी जाएगी।
सरकार का मानना है कि बढ़ती उम्र के साथ होने वाली बीमारियों की समय रहते पहचान कर इलाज को आसान बनाया जा सकेगा। साथ ही बुजुर्गों को बार-बार अस्पतालों के चक्कर लगाने की जरूरत भी कम होगी।
क्या होगा ‘वृद्ध सेवा एवं स्वास्थ्य’ पोर्टल का फायदा
नई योजना के तहत राज्यभर के बुजुर्गों के स्वास्थ्य डेटा की डिजिटल मॉनिटरिंग की जाएगी। हर जिले में लगने वाले हेल्थ कैंप का रिकॉर्ड ऑनलाइन रखा जाएगा, जिससे बुजुर्गों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की निगरानी आसान हो सकेगी।

इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी। सरकार को यह जानने में मदद मिलेगी कि किन क्षेत्रों में बुजुर्गों को ज्यादा स्वास्थ्य सहायता की आवश्यकता है और किस स्तर पर सुविधाओं को और मजबूत करने की जरूरत है।
अस्पतालों में योग से होगा इलाज का सहयोग
हरियाणा सरकार ‘संजीवनी योग’ कार्यक्रम भी शुरू करने जा रही है। इस योजना के तहत जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में ओपीडी और वेटिंग एरिया में मरीजों व उनके तीमारदारों के लिए योग और प्राणायाम सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इन सत्रों में आयुष डॉक्टर और योग सहायक मरीजों को तनाव कम करने, सांस संबंधी समस्याओं से राहत पाने, जीवनशैली सुधारने और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाने के तरीके बताएंगे।
भर्ती मरीजों को भी मिलेगी योग थेरेपी
सरकार के अनुसार अस्पतालों में भर्ती मरीजों को डॉक्टरों की सलाह के आधार पर योग थेरेपी और लाइफस्टाइल काउंसिलिंग भी दी जाएगी। दावा किया जा रहा है कि इससे तनाव, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और अन्य लाइफस्टाइल बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को राहत मिल सकेगी।

सरकार का दावा, हरियाणा बनेगा निरोगी प्रदेश
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि योग, प्राणायाम और आधुनिक चिकित्सा का यह संयुक्त मॉडल हरियाणा को स्वस्थ और निरोगी बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। सरकार ने दोनों योजनाओं की तैयारियां पूरी होने का दावा किया है और जल्द इनके औपचारिक शुभारंभ की बात कही है।
Please also read this article : Gold Price Today: गिरावट के बाद संभला बाजार, जानिए देशभर में कहां पर कितना है सोने का भाव
Instagram: https://www.instagram.com/ibn24newsnetwork
पल पल की खबर के लिए IBN24 NEWS NETWORK का YOUTUBE चैनल आज ही सब्सक्राइब करें। चैनल लिंक:https://youtube.com/@IBN24NewsNetwork?si=ofbILODmUt20-zC3
शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
Facebook: https://www.facebook.com/ibn24newsnetwork/





