Cockroach Janta Party : सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) का X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट गुरुवार को ब्लॉक कर दिया गया। अकाउंट ब्लॉक होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है कि क्या युवाओं की इस डिजिटल मुहिम से सिस्टम असहज हो गया है।

Written by Kajal Panchal • Published on : 21 May 2026
IBN24 News Network : CJP के इंस्टाग्राम अकाउंट पर गुरुवार दोपहर 2 बजे तक 1.34 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके थे। यह आंकड़ा देश की बड़ी राजनीतिक पार्टियों के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स से भी ज्यादा बताया जा रहा है। कांग्रेस के करीब 1.33 करोड़, भाजपा और AAP के 87-87 लाख, जबकि CPI(M) के करीब 2.35 लाख फॉलोअर्स हैं।
वहीं X पर भी पार्टी के करीब 1.93 लाख फॉलोअर्स हो चुके थे, लेकिन गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया। X की ओर से बताया गया कि कार्रवाई स्थानीय कानून, कोर्ट आदेश या कानूनी शिकायत के आधार पर की गई है।
CJI के बयान के बाद शुरू हुआ विवाद

पूरा मामला 15 मई को शुरू हुआ था। सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना “कॉकरोच” और “परजीवियों” से की थी।
इस बयान के विरोध में अगले ही दिन अभिजीत दीपके ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ बनाने की घोषणा कर दी। देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और खासकर Gen Z के बीच तेजी से लोकप्रिय होने लगी।
जैसी आशंका थी, वैसा ही हुआ – अभिजीत दीपके
CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने X अकाउंट ब्लॉक होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें पहले से इसकी आशंका थी। उनका कहना था कि जैसे-जैसे पार्टी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी, वैसे-वैसे दबाव भी बढ़ रहा था।

अभिजीत दीपके फिलहाल अमेरिका की Boston University में Public Relations की पढ़ाई कर रहे हैं। वे 2020 से 2023 तक आम आदमी पार्टी (AAP) की सोशल मीडिया टीम में वॉलंटियर भी रह चुके हैं।
सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी

कॉकरोच जनता पार्टी ने अपना लोगो और नारा भी जारी किया। पार्टी का नारा है — सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी।” सोशल मीडिया पर यह नारा काफी वायरल हुआ। पार्टी ने सदस्यता के लिए चार “योग्यताएं” भी बताईं — बेरोजगार होना, आलसी होना, ऑनलाइन रहने की लत और प्रोफेशनली भड़ास निकालने की क्षमता।
नया दावा: Instagram अकाउंट हैक करने की कोशिश भी हो रही — अभिजीत दीपके
इस विवाद के बीच CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक और बड़ा दावा किया है। अभिजीत ने एक पोस्ट में कहा कि X अकाउंट ब्लॉक होने के बाद अब उनके Instagram अकाउंट को भी हैक करने की कोशिश की जा रही है।


उन्होंने दावा किया कि उन्हें लगातार संदिग्ध लॉगिन अलर्ट और सिक्योरिटी नोटिफिकेशन मिल रहे हैं। हालांकि, Instagram की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अभिजीत के इस दावे के बाद सोशल मीडिया पर समर्थकों ने इसे “डिजिटल दबाव” और “ऑनलाइन टारगेटिंग” से जोड़कर देखना शुरू कर दिया है।
मैनिफेस्टो में कई विवादित वादे
CJP ने अपना मैनिफेस्टो भी जारी किया, जिसमें कई बड़े दावे किए गए हैं।
पार्टी ने कहा है कि अगर उसकी सरकार बनी तो रिटायर CJI को राज्यसभा नहीं भेजा जाएगा। वैध वोट डिलीट होने पर चुनाव आयोग के खिलाफ UAPA के तहत कार्रवाई की बात भी कही गई है।
इसके अलावा महिलाओं को 50% आरक्षण, बड़े मीडिया संस्थानों के लाइसेंस रद्द करने और दलबदल करने वाले नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक लगाने जैसे वादे भी किए गए हैं।
कॉकरोच ड्रेस पहनकर विरोध
दिल्ली में कुछ समर्थक कॉकरोच की पोशाक पहनकर यमुना किनारे सफाई करते नजर आए। समर्थकों का कहना है कि यह आंदोलन फिलहाल चुनाव लड़ने से ज्यादा युवाओं में राजनीतिक जागरूकता फैलाने पर केंद्रित है।
CJI सूर्यकांत ने बाद में दी सफाई
16 मई को CJI सूर्यकांत ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा था कि उनकी टिप्पणी उन लोगों के लिए थी जो फर्जी डिग्रियों के सहारे सिस्टम में घुस आए हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया, सोशल मीडिया और दूसरे पेशों में भी ऐसे लोग मौजूद हैं जो “परजीवियों जैसे” हैं।
सोशल मीडिया पर बड़ा सवाल
CJP अभी कोई मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल नहीं है, लेकिन सिर्फ छह दिनों में करोड़ों युवाओं तक पहुंच जाना सोशल मीडिया की ताकत को दिखाता है। X अकाउंट ब्लॉक होने के बाद सोशल मीडिया पर अब सबसे बड़ा सवाल यही पूछा जा रहा है — क्या Gen Z की इस डिजिटल मुहिम से सिस्टम घबरा गया है ?
Please also read this article : Gold Price Today: गिरावट के बाद संभला बाजार, जानिए देशभर में कहां पर कितना है सोने का भाव
Instagram: https://www.instagram.com/ibn24newsnetwork
पल पल की खबर के लिए IBN24 NEWS NETWORK का YOUTUBE चैनल आज ही सब्सक्राइब करें। चैनल लिंक:https://youtube.com/@IBN24NewsNetwork?si=ofbILODmUt20-zC3
शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
Facebook: https://www.facebook.com/ibn24newsnetwork/





