रशिया की यूना को पसंद आ गया वृंदावन का गोसेवक, जीवनसाथी बनाकर अब ऐसे पाल रही पेट, पढ़ें ये पूरी खबर

36 साल की रशियन युवती को वृंदावन में 20 साल से गोसेवा कर रहे 35 साल के युवक से प्यार हो गया। सात समुंदर पार आकर उसने युवक ने न सिर्फ शादी कर ली। बल्कि उसके साथ अब वह भी गायों की सेवा कर रही है। दरअसल, भगवान श्रीकृष्‍ण के भक्तों की संख्या अपार है। भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी कृष्‍ण भक्तों की कमी नहीं है। ऐसे ही रशिया की रहने वाली युवती यूना भगवान श्रीकृष्‍ण की भक्ति के चलते वृंदावन पहुंची। यहां उसकी मुलाकात 20 साल से गोसेवा कर रहे राजकरण से हुई। राजकरण वृंदावन में अपने गुरु की आज्ञा से गोसेवा कर रहा है। आपको यह जानकर और हैरानी होगी कि यूना को हिंदी नहीं आती है, और राजकरण अनपढ़ है। इसके बावजूद ये दोनों प्रेम की भाषा बहुत अच्छे से समझते हैं।

यूना भी करने लगी गोसेवा, हिंदू रीति रिवाज से की शादी

रशिया से आने के बाद यूना राजकरण के साथ गोसेवा करने लगी। इसी बीच दोनों के बीच प्यार का अंकुर फूटा और बात शादी तक जा पहुंची। इसके बाद दोनों ने अप्रैल 2023 में हिंदू रीति रिवाज से दिल्ली में शादी कर ली। अब दोनों साथ में गोसेवा करते हैं। इसके बाद शाम को वृंदावन के इस्कॉन मंदिर के पास लोगों को चंदन लगाकर और धार्मिक पुस्तकें बेचकर अपना गुजारा करते हैं। इनका आपसी प्रेम देखकर यहां के स्‍थानीय निवासियों के साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालु भी भौचक्के रह जाते हैं।

यूना को नहीं आती हिंदी, राजकरण अनपढ़ फिर भी दोनों में होती है अच्छी बातचीत

राजकरण ने किसी भी तरह की कोई शिक्षा प्राप्त नहीं की है और यूना ठहरी रशिया से जिसे हिंदी तक नहीं आती है। लेकिन, फिर भी प्यार की भाषा ऐसी कि दोनों एक दूसरे की हर बात समझ जाते हैं। वैसे तो दोनों की उम्र में भी ज़्यादा फ़र्क़ नहीं है। यूना की उम्र 36 साल है, तो वहीं राजकरण 35 साल के हैं। यूना ने शादी के बाद से पूरी तरह से ही भारतीय संस्कृति को अपना लिया है। गले में मंगलसूत्र भी पहनती है और मांग में सिंदूर भी लगाती है, यही नहीं पैरों में पायल भी पहनती है।

Advertisement