युवक को बांधकर पीटा, उतारा मौत के घाट

यमुनानगर : सदर थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर दामला में प्लाइवुड फैक्टरी के क्वार्टरों में चोरी के शक में कुछ मजदूरों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई की। इस दौरान युवक के तीन साथी मौके से फरार हो गए। मजदूरों ने पकड़े गए युवक को रस्सी से बांध दिया और उसे बुरी तरह से पीटा।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अचेत हालत में पड़े युवक को अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसकी मौत होने की पुष्टि की। युवक की शनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

किशनपुरा दामला निवासी एक व्यक्ति ने बंद पड़े टोल प्लाजा के क्वार्टर बना रखे हैं। जिनमें दामला के आसपास बनी फैक्ट्रियों के मजदूर रहते हैं। वीरवार अलसुबह करीब पांच बजे फैक्टरी मजदूरों के क्वार्टर में कुछ युवक घुस गए। अंदेशा था कि युवक चोरी करने के इरादे से घर में घुसे थे और चोरी कर रहे थे। शोर सुनकर मजदूरों की आंख खुल गई, तो उसने युवकों को देखकर शोर मचा दिया। जिस पर आसपास के श्रमिक एकत्र हो गए। लोगों को आता देख चारों युवक मौके से भागने लगे। इस दौरान भागते हुए एक युवक हैंडपंप के पास फिसलकर गिर गया। जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया। जबकि तीन युवक मौके से भाग निकले।

पकड़े गए युवक को मजदूरों ने रस्सियों से बांध कर उसकी जमकर पिटाई की। मजदूरों द्वारा युवक को पीटने की सूचना किसी ने कंट्रोल रूम में दी। जिसके बाद सदर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को युवक अचेत हालत में क्वार्टरों के बाहर गली में पड़ा मिला। उसके हाथ रस्सियों से बंधे हुए थे। उसके सिर, टांग व शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने युवक को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया। देर रात तक मृतक युवक की शनाख्त नहीं हो पाई थी। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस क्वार्टर के मजदूरों के बयान ले रही है।

दरअसल जिन क्वार्टरों के बाहर लोगों ने युवक की चोरी के शक में पकड़कर मारपीट की। इन्हीं क्वार्टरों से एक दिन पहले 15 हजार रुपये का मोबाइल चोरी हो गया था। इससे पहले भी दामला में कई बार चोरी हो चुकी हैं। जिससे दामला के लोगों में रोष था। यहीं कारण रहा था कि वीरवार अलसुबह चोरी के शक में पकड़े युवक को उन्होंने बुरी तरह से पीट डाला।

सूचना मिलने पर सुबह पुलिस मौके पर गई थी। युवक के सिर, टांग व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट थी। उसके हाथ बंधे हुए थे। पुलिस ने जब उसे अस्पताल पहुंचाया तो यहां डॉक्टर ने मृत घोषित किया। मामले में अज्ञात लोगों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। अभी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। आरोपियों की पहचान के लिए क्वार्टर के मजदूरों से पूछताछ की जाएगी।-सुखबीर सिंह, एसएचओ, थाना सदर यमुनानगर।

Advertisement