भारतीय नौसेना में भी पहुंचा वायरस

मुंबई: दुनियाभर में कोरोनावायरस की दहशत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है| हर रोज हजारों संक्रमित सामने आ रहे हैं| भारत भी इससे अछूता नहीं है| देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 13000 के पार हो चुकी है| अब तक 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है| कोरोना की घुसपैठ का ताजा मामला भारतीय नौसेना से जुड़ा है| मुंबई में 21 नौसैनिकों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है| जिसके बाद उनका शहर स्थित नौसेना के अस्पताल INS अश्वनी में इलाज चल रहा है| वहां उन्हें क्वारंटाइन किया गया है|

सभी सैनिक INS आंग्रे से जुड़े हैं| INS आंग्रे मुंबई के तट पर मौजूद है| यह पश्चिमी नौसेना कमान के तट पर मौजूद लॉजिस्टिक और एडमिनिस्ट्रेटिव सपोर्ट बेस है| मिली जानकारी के अनुसार, सभी एक कोरोना संक्रमित नौसैनिक के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं| जिस ब्लॉक में वह लोग रहते हैं, वहां रहने वाले सभी लोगों को क्वारंटाइन कर दिया गया है| नौसेना के अधिकारी उन लोगों का पता लगा रहे हैं, जो संक्रमित नौसैनिकों के संपर्क में आए हैं| अधिकारी इस बात का भी पता लगा रहे हैं कि संक्रमित नौसैनिक ड्यूटी या फिर अन्य कामों से किन-किन जगहों पर गए थे| बड़ी बात यह है कि इनमें से किसी का युद्धपोत या फिर पनडुब्बी से कोई संपर्क नहीं था|

बताते चलें कि कोरोनावायरस के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से ही सामने आए हैं| अभी तक वहां 3205 मामले सामने आ चुके हैं| सबसे ज्यादा केस मुंबई से हैं| मुंबई के धारावी में भी संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है| धारावी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 101 हो गई है| वहां 10 मरीजों की मौत हुई है| पिछले 24 घंटों में 15 नए मामले सामने आए हैं| महाराष्ट्र में अब तक 201 लोगों की मौत हुई है|

गौरतलब है कि भारत में इस वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 13,835 हो गई है| पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1076 नए मामले सामने आए हैं और 32 लोगों की मौत हुई है| देश में अभी तक 452 लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि 1767 मरीज इस बीमारी को हराने में कामयाब भी हुए हैं| देश के सभी राज्यों से इसके मरीज सामने आ रहे हैं| केंद्र सरकार ने इससे बचाव के चलते ही देश में 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की थी| जिसके बाद 14 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी ने देश की जनता को संबोधित करते हुए 19 दिनों के लिए लॉकडाउन को आगे बढ़ाए जाने की जानकारी दी| अब देश में लॉकडाउन 3 मई को खत्म होगा|

Advertisement