विराट कोहली और रोनाल्डो ने रातों-रात गंवाए लाखों फॉलोअर्स, जानें क्या है वजह?

सोशल मीडिया एप इंस्टाग्राम में तकनीकि खराबी का नुकसान क्रिस्टियानो रोनाल्डो और विराट कोहली जैसे बड़े खिलाड़ियों को हुआ है। इन दोनों दिग्गजों ने 31 अक्तूबर को इंस्टाग्राम पर अपने लाखों फॉलोअर्स गंवा दिए।

इस दिन इंस्टाग्राम में तकनीकि खराबी थी और कई लोग अपना अकाउंट नहीं देख पा रहे थे। लोगों को पोस्ट और मैसेज देखने में भी परेशानी हुई। इसी दौरान विराट कोहली और रोनाल्डो ने अपने फॉलोअर्स गंवा दिए। हालांकि, अब यह समस्या ठीक हो चुकी है, लेकिन कोहली और रोनाल्डो को उनके फॉलोअर्स वापस नहीं मिले हैं।

कई इंस्टाग्राम यूजर्स अपने अकाउंट नहीं देख पा रहे थे। उन्हें बताया जा रहा था कि उनका अकाउंट 31 अक्तूबर को निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा कई एप्पल यूजर्स ने बताया कि 30 सेकेंड के उपयोग के बाद उनका एप क्रैश हो गया। इसके अलावा अधिकतर लोगों के फॉलोअर्स की संख्या में बड़ी कमी आई। इस बीच फुटबॉल फैंस ने देखा कि स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के फॉलोअर्स काफी कम हो गए हैं।

रोनाल्डो इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले व्यक्ति हैं। इंस्टाग्राम में आई तकनीकि खराबी के कारण रोनाल्डो को लगभग 30 लाख फॉलोअर्स का नुकसान हुआ है। इंस्टाग्राम पर उन्हें 49.3 करोड़ लोग फॉलो करते हैं, लेकिन इंस्टाग्राम पर तकनीकि खराबी के कारण उन्हें बड़ा नुकसान हुआ है।

रोनाल्डो के अलावा विराट कोहली के भी फॉलोअर्स की संख्या में बड़ी कमी आई है। विराट को फिलहाल 22.1 करोड़ लोग फॉलो करते हैं, वह इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले भारतीय व्यक्ति हैं।

इंस्टाग्राम ने ट्वीट कर बताया कि तकनीकि समस्या का समाधान कर दिया गया है। इंस्टाग्राम की तरफ से लिखा गया “हमने इस समस्या का समाधान निकाल लिया है। इसकी वजह से दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को अपने अकाउंट देखने में समस्या आई और कई लोगों को अपने कुछ फॉलोअर्स भी गंवाने पड़े। हम इसके लिए माफी मांगते हैं। इंस्टाग्राम के प्रमुख एडम मोसेरी ने भी ट्विटर पर माफी मांगी।

इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा की तरफ से अब तक यह नहीं बताया गया है कि यह तकनीकि खराबी क्यों आई थी। इस महीने यह दूसरा मौका था, जब मेटा की किसी कंपनी को बड़ी तकनीकि समस्या का सामना करना पड़ा है। कुछ पहले ही व्हॉट्सएप में तकनीकि खराबी आई थी और लोगों को मैसेज भेजने या देखने में परेशानी हो रही थी।

Advertisement