
चंडीगढ़। चंडीगढ़ के अस्पतालों में जांच के लिए आने वाले मरीजों के लिए बड़ी खबर है। शहर के कई अस्पतालों के समय में बदलाव किया गया है। ऐसे में सरकारी अस्पतालों की ओपीडी का समय भी बदल गया है। अब मरीजों को नए समय सारिणी के साथ ही अस्पताल आना होगा, नहीं तो बिना वजह परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बता दें कि सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट मल्टी स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल (जीएमएसएच-16) सहित शहर की डिस्पेंसरियों और सिविल अस्पतालों में ओपीडी का समय बदल दिया गया है।
सर्दी का मौसम शुरू होते ही मरीजों की सहुलियत के लिए चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने समय सारिणी में बदलाव किया है। ऐसे में शहर के सरकारी, सिविल अस्पताल और डिस्पेंसरियों का संचालन अब सुबह नौ बजे से होगा। ऐ जीएमएसएच-16, सिविल अस्पताल मनीमाजरा, सिविल अस्पताल सेक्टर-22, सिविल अस्पताल सेक्टर-45 और शहर की सभी डिस्पेंसरियों का समय 16 अक्टूबर 2022 से 15 अप्रैल 2023 तक सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक कर दिया गया है।
स्वास्थ्य निदेशक डा. सुमन सिंह ने बताया कि ईएसआइ डिस्पेंसरी सेक्टर-29, ईएसआइ सेक्टर-23, यूटी सचिवालय और हाईकोर्ट डिस्पेंसरी में पुराने समय में ही खुलेगी। यानी इन डिस्पेंसरियों में मरीज पहले की तरह सुबह 8 से दोपहर दो बजे तक इलाज और दवाइयां ले सकते हैं। वहीं पीजीआइ चंडीगढ़ और गवर्नमेंट मेडिकल कालेज एंड हॉस्पिटल सेक्टर-32 के समय में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
बताते चलें कि चंडीगढ़ के अस्पतालों की टाइमिंग में गर्मियों और सर्दियों के मौसम में बदलाव किया जाता है। गर्मियों में उक्त अस्पतालों व डिस्पेंसरियों का समय सुबह 8 से दोपहर दो बजे तक होता है, जबकि ठंड के मौसम में समय बदलकर एक घंटा बढ़ा दिया जाता है। ऐसे में अब सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है, तो स्वास्थ्य विभाग ने टाइम बदलकर सुबह नौ से दोपहर 3 बजे तक कर दिया है। नई समय सारिणी 16 अक्टूबर से 15 अप्रैल 2023 तक लागू होगी।