
फुटबॉल जगत के महान खिलाड़ी पेले (Pele Dies) का निधन हो गया। वो 82 साल के थे। ब्राजील के रहने वाले महान फुटबॉलर एडसन अरांतेस डो नैसिमेंटो (पेले) के निधन की पुष्टि उनकी बेटी केली नेसिमेंटो ने अपने इंस्टाग्राम के जरिए की। केली नेसिमेंटो ने इंस्टाग्राम पर लिखा- हम जो कुछ भी हैं, आप ही की बदौलत हैं। हम आपसे बहुत प्यार करते हैं। रेस्ट इन पीस।
पेले लंबे वक्त से कैंसर से जूझ रहे थे। उन्होंने कीमोथेरेपी ट्रीटमेंट का जवाब देना भी बंद कर दिया था। हाल ही में पेले को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पता चला कि उन्हें रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन भी है। पेले तीन बार विश्व कप जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने साल 1958, 1962 और 1970 में खेल की सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफी फीफा वर्ल्ड कप जीता था। ब्राजील के मिनस गेरैस राज्य में जन्मे दिग्गज फुटबॉलर अभी भी सेलेकाओ (ब्राजील) के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 92 मैचों में 77 गोल किए। उन्हें किंग ऑफ फुटबॉल कहा जाता है।
बीते महीने 29 नवंबर को पेले को सांस के संक्रमण के इलाज और कीमोथेरेपी के लिए साओ पाउलो के अल्बर्ट आइंस्टीन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ सालों से उन्होंने रीढ़, कूल्हे, घुटने और गुर्दे सहित कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना किया था। उन्होंने कीमोथेरेपी का जवाब देना बंद कर दिया। पेले को पिछले साल सितंबर में उनके कोलन से ट्यूमर हटा दिया गया था और तब से वे नियमित रूप से अस्पताल में इलाज करवा रहे थे।
फुटबॉलल जगत में पेले के महान को योगदान के लिए उन्हें फीफा प्लेयर ऑफ द सेंचुरी अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। 18 साल की उम्र में अपना पहला विश्व कप खिताब जीता था। इस दौरान उन्होंने छह गोल किए थे। साल 1962 तक पेले ने खुद को दुनिया के शीर्ष फुटबॉल खिलाड़ियों में से एक के रूप में स्थापित कर लिया था।