
कहते हैं कि जब मुसीबतें आती हैं तो चारों तरफ से आती हैं। ऐसा ही एक वाकया हुआ हिसार जिले के तहसील उकलाना के नजदीकी गांव फरीदपुर में। फरीदपुर निवासी अकबर के पिता की मौत हो गई। उसके बाद सामाजिक ढांचे के अनुसार रिश्तेदार और गांव के लोग शोक सभा के रूप में घर बैठने के लिए आने लगे।
तीसरे दिन जब शोक सभा में आए हुए रिश्तेदारों के लिए अकबर की पत्नी चाय बना रही थी तो अचानक सिलेंडर से गैस लीकेज हो गई और देखते ही देखते पूरा घर जलकर नष्ट हो गया।
मजदूर अकबर ने बताया कि उनके पिता का देहांत होने के उपरांत सभी ग्रामीण और रिश्तेदार का उनके घर आना-जाना शुरू हो गया था। तीसरे दिन उनकी पत्नी चाय बना रही थी तो अचानक सिलेंडर लीक हो गया और आग लग गई।
आग लगने के कारण घर में रखा हुआ सारा सामान जलकर नष्ट हो गया और उनकी पत्नी भी घायल हो गईं।
अकबर ने प्रशासन और सरकार से गुहार लगाते हुए कहा कि उसके घर में रखा हुआ सारा सामान और पिता की शोक सभा के लिए जुटाए गए 40 हजार जलकर नष्ट हो गए। सरकार उनकी मदद करे।