
करनाल के सेक्टर 14 स्थित पंडित चिरंजी लाल शर्मा कॉलेज में फायरिंग के मामले में पुलिस ने 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपी गहनता से पूछताछ कर अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
शुक्रवार को सेक्टर 16 स्थित CIA-2 में ASP पुष्पा खत्री ने पत्रकार वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बीती 5 अप्रैल को कॉलेज के बाहर दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर एकत्रित हुए, दोनों ही गुटों में शामिल युवकों के पास भारी संख्या में लाठी, डंडे, तेजधार हथियार थे, मौके पर हवाई फायर भी किए गए थे। पुलिस ने मौके पर जाकर स्थिति को संभाला लिया। दोनों गुटों आपस में भिड़ जाते तो स्थिति खतरनाक हो सकती थी।
काफी संख्या में बाइकों पर सवार होकर युवकों ने कॉलेज के आसपास लोगों में खौफ पैदा करने के लिए हुड़दंगबाजी की, हवा मे हथियार लहराए व फायरिंग भी की। जिससे लोगों में दहशत का माहौल हो गया। इस मामले में पुलिस ने 6 अप्रैल को दोनों गुटों के करीब 15 युवकों को गिरफ्तार किया है, इनमें से 2 से 3 युवक कॉलेज के स्टूडेंट हैं और कुछ बाहर के लोग शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, इस मामले में आरोपी लालपुरा निवासी विपिन गुर्जर है। जो कि अपने दोस्तों के साथ प्रधान पद पर जीतने का जश्न मना रहा था। आरोपी ने अपने करीब 50-60 दोस्तों को हथियारों के साथ कॉलेज में छात्र संघ चुनाव की अफवाह पर कॉलेज के बाहर बुला रखा था। यहां झगड़ा होने वाला था कि किसी ने पुलिस को फोन कर बुला लिया। पुलिस को देखते ही आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
ASP पुष्पा खत्री ने बताया कि आज आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से नाजायज हथियारों की बरामदगी करवाई जाएगी, साथ ही मामले में बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। आरोपियों से पूछताछ चल रही है।