सोनीपत NH-44 पर नया फ्लाईओवर हुआ शुरू, इन लोगों को होगा फायदा

किसान आंदोलन के कारण नेशनल हाईवे 44 पर बीसवां मील चौक स्थित फ्लाईओवर का काम लंबे समय से अटका हुआ था। लेकिन अब फ्लाईओवर बनकर तैयार हो चुका है। फ्लाईओवर के दिल्ली-पानीपत लेन पर वाहनों का आवागमन भी शुरू कर दिया गया है। फ्लाईओवर के शुरू होने से लोगों को जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा।

बुधवार के दिन डीसी ललित सिवाच और एसपी हिमांशु गर्ग ने नारियल तोड़कर वह फीता काटकर बीसवां मील चौक पर बने फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। हालांकि अभी केवल एक ही लाइन पर वाहनों का संचालन किया जा रहा है। आगामी सोमवार तक दूसरे लेन पर भी आवाजाही शुरू कर दी जाएगी। बीसवां मील के दुकानदारों को फ्लाईओवर से अवरोधक हटने के लिए 1 हफ्ते का और इंतजार करना पड़ेगा।

 इसके बाद फ्लाईओवर के नीचे के हिस्से को भी खोल दिया जाएगा। किसान आंदोलन के कारण फ्लाईओवर निर्माण का यह कार्य पूरा नहीं हो पाया था। दिसंबर 2021 में किसान आंदोलन के खत्म होने से नेशनल हाईवे 44 पर वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया गया था। साथ ही बीसवां मील फ्लाईओवर निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी।

जाम की समस्या हो गई खत्म

फ्लाईओवर के निर्माण कार्य प्रगति पर होने के कारण केवल दो ही लेन से वाहनों का आवागमन हो रहा था। इसकी वजह से हाईवे पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी। आज उद्घाटन के मौके पर उपायुक्त ललित सिवाच ने कहा कि एनएच-44 को आठ लेन बनाने का काम चल रहा है, किंतु किसान आंदोलन तथा कोरोना के कारण इस कार्य में विलंब हुआ है। अब यह काम तेजी से किया जा रहा है। फ्लाईओवर की दूसरी साइड का निर्माण भी पूरा होने को है। केजीपी-केएमपी के मुख्य बिंदू भी बीसवां मील चौक के निकट बनते हैं। ऐसे में यहां ट्रैफिक में वृद्धि देखने को मिल रही थी। अब वाहन चालकों को राहत मिलेगी। एसपी हिमांशु गर्ग ने कहा कि अब यातायात प्रबंधन में मदद मिलेगी। जाम से लोगों को बचाया जा सकेगा।

Advertisement