हरियाणा के करनाल जिले के गांव नलीपार में एक युवक की कुल्हाड़ी से वार करके हत्या करने का मामला सामने आया है। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। आज पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव नली पार निवासी विनोद (32) ट्रैक्टर चला कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। रविवार देर रात करीब साढ़े 9 बजे खाना खाने के बाद वह टहलने के लिए घर से निकला था। घर के पास ही सरकारी पानी का टयूबवेल है। जब विनोद वहां पहुंचा तो शेर सिंह उर्फ शेरू नाम का एक व्यक्ति पहले ही बैठा हुआ था, जिसने विनोद से तंबाकू मांगा, लेकिन विनोद से उसे तंबाकू देने से मना कर दिया।
इस बात को लेकर शेरू ने उसके साथ गाली गलौज और मारपीट की। इसके बाद आरोपी शेरू अपने घर से कुल्हाड़ी लेकर आया और विनोद के सिर पर वार कर दिया। आरोपी ने उस पर तीन बार कुल्हाड़ी से वार किया। विनोद की चिल्लाने की आवाज सुनकर उसके परिजन व आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान देर रात को ही उसकी मौत हो गई।
समय पर नहीं पहुंची पुलिस व एंबुलेंस
पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद मृतक विनोद के भाई राकेश ने बताया कि वारदात के बाद जब पुलिस को फोन और एंबुलेंस को फोन किया तो वह दोनों समय पर नहीं पहुंची। काफी इंतजार के बाद घायल विनोद को परिजन अपने निजी वाहन में अस्पताल में लेकर आए, लेकिन यहां पर भी डॉक्टरों ने उसे समय पर उपचार नहीं दिया। डॉक्टर अगर समय से इलाज कर देते तो विनोद आज हमारे बीच होता।
पहले भी कर चुके थे पुलिस को शिकायत
मृतक विनोद के भाई राकेश ने बताया कि हम तीन भाई हैं। तीनों शादीशुदा हैं और तीनों अलग- अलग जगह पर रहते हैं। हमारे घर के पास सरकारी पानी का टयूबवेल है। वहां पर आवारा लड़के शराब वगैरह पीते हैं। हमने उनको कई बार वहां बैठने से रोका और कई बार पुलिस व जिला प्रशासन को शिकायत दी। गांव की कुछ महिलाएं भी वहीं पर गोबर डालकर चली जाती है, जिससे वहां रहने में उन्हें काफी परेशानियों का सामना कर पड़ रहा था, लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक विनोद के परिजनों ने बताया कि कुछ साल पहले ही विनोद की शादी हुई थी। उसके दो छोटे बच्चे थे। विनोद ही अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। विनोद की हत्या के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है। परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई है। जल्द से आरोपी को गिरफ्तार करके सख्त से सख्त से कार्रवाई की जाए।
कुंजपुरा थाना SHO कुलदीप सिंह ने बताया कि विनोद नामक युवक पर कुल्हाड़ी से वार किए गए हैं। सोमवार अल सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों से गांव के शेर सिंह उर्फ शेरू नामक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश भी शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।