करनाल में आढ़तियों की हड़ताल जारी: सीएम आवास का किया कूच, 23 सितंबर से आमरण अनशन का किया ऐलान

हरियाणा स्टेट अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन की प्रदेश स्तरीय बैठक करनाल अनाज मंडी में बुधवार सुबह 11:00 बजे हुई। बैठक में सभी जिला प्रधानों व राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। विचार-विमर्श के बाद प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने एलान किया कि मांगें पूरी नहीं होने पर 23 सितंबर से करनाल अनाज मंडी के स्टेज सेड में विभिन्न जिला प्रधानों और पदाधिकारियों के साथ आमरण अनशन शुरू करेंगे। विभिन्न जिलों में आढ़ती एसोसिएशन काले झंडे दिखा कर बाजार बंद करवाएंगे। इसके बाद सभी आढ़तियों ने मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए अनाज मंडी से कूच  किया।

 ई-नेम पोर्टल का विरोध

बता दें कि मंडियों में ई- नेम पोर्टल का आढ़ती विरोध कर रहे हैं। एसोसिएशन ने चेताया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। हरियाणा सरकार की ओर से इस बार मंडियों में ई नेम पोर्टल के माध्यम से फसलों का खरीद लागू की गई है। इसमें वो फसलें भी शामिल हैं, जिनका एमएसपी तय नहीं है।

ई-नेम पोर्टल के माध्यम से ही गेट पास काटे जाने का फैसला लिया गया है। प्रदेशभर के आढ़ती इसी फैसले का विरोध कर रहे हैं। हरियाणा स्टेट अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के राज्य प्रधान अशोक गुप्ता और चेयरमैन रजनीश चौधरी ने कहा कि हरियाणा सरकार के अधिकारियों से बैठक में कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला था, इसलिए आढ़तियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।

Advertisement