हरियाणा के करनाल में लैंड माफिया को शहर छोड़ने की चेतावनी देने वाले DTP आरएस भाठ का तबादला भले ही बीते शनिवार हो गया था। ट्रांसफर के बाद भी जाते-जाते वह सोमवार को करनाल की 2 अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई कर गए। पहली अवैध कॉलोनी अनाज मंडी के पीछे बजीदा रोड पर है। यह वही कॉलोनी है, जहां पिछले सप्ताह लैंड माफिया ने वकील जेपी पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया था।
निगम के अधिकारियों ने बताया कि बजीदा रोड पर अनधिकृत कॉलोनी, जिसमें कॉलोनाइजर ने कंक्रीट मेन होल के साथ सीवरेज नेटवर्क भी कर लिया था। नगर निगम के अधीन आने वाली मंगल कॉलोनी पार्ट-2 के इस एरिया में DTC, नए बिछाए गए पेवर ब्लॉक और रोड नेटवर्क को भी JCB की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।
अवैध कॉलोनी काटने का निगम
इसी रोड पर मदन नाम का एक लैंड माफिया भी अवैध कॉलोनी काटने के काम में लगा हुआ है। इस व्यक्ति ने बकायदा से निगम में पत्र लिख कर बताया कि वह अवैध कॉलोनी काट रहा है। उसने काफी प्लाट यहां बेच दिए हैं। उसने अपने अवैध व गलत काम की जानकारी निगम को देते हुए आग्रह किया कि अब उसकी कालोनी को वैध कर दिया जाए।
व्यक्ति पत्र को दिखाकर लोगों को प्लाट इस दावे के साथ बेच रहा है कि यह कॉलोनी नियमित हो जाएगी। अभी तक निगम के अधिकारियों ने न तो इस कॉलोनी पर कार्रवाई की, न ही मदन के खिलाफ कार्रवाई की। जबकि अवैध कालोनी को काटना, यहां प्लाट बेचना दोनों ही गैरकानूनी है।
जबकि होना तो यह चाहिए था कि इस कॉलोनी में तुरंत कार्रवाई होती, इसके साथ ही मदन के खिलाफ गलत तथ्य देकर तहसील से प्लाट की रजिस्ट्री कराने का मामला दर्ज होता। तहसील के उन अधिकारियों जिन्होंने इस कॉलोनी के प्लाटों की रजिस्ट्री की, उनके खिलाफ भी कार्यवाही होती। लेकिन अभी तक इस दिशा में कुछ भी नहीं किया गया।
विशाल रिसोर्ट में लैंड माफिया ऐलान कर काट रहा अवैध कॉलोनी
इधर शहर के ITI चौक के पास विशाल रिसोर्ट में लैंड माफिया ऐलान कर अवैध कालोनी काट रहा है। यह वहीं अवैध कॉलोनी है, जिसके खिलाफ DTP आरएस भाठ ने करनाल जॉइन करते ही कार्रवाई की थी। अब यह लैंड माफिया दावा कर रहा है कि उसे अवैध कॉलोनी में सड़क काटने की इजाजत मिल गई है, लेकिन उसे यह इजाजत आखिर किस नियम के तहत किसने दी, इस पर वह और जिम्मेदार विभाग के अधिकारी चुप्पी साध लेते हैं।
इस अवैध कॉलोनी में लगातार सड़क बनाने का काम चल रहा है। अवैध कॉलोनियों में कुछ लैंड माफिया पर मेहरबानी कुछ के खिलाफ कार्रवाई से विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे है। आखिर क्यों अधिकारी सभी अवैध पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं। यह सवाल अपने आप में बड़ा है।
नगर निगम की अपील अनधिकृत कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें
नगर निगम आयुक्त अजय सिंह तोमर ने भी आमजन से अपील कर कहा है कि वे अनधिकृत कॉलोनियों में प्लाट न खरीदें। सरकार द्वारा अधिकृत की गई कॉलोनी में ही खसरा इत्यादि की पूरी जानकारी लेकर किसी तरह का निवेश करने का निर्णय लें। सरकार द्वारा नियमित की गई कॉलोनियों का विवरण DTP कार्यालय के साथ-साथ तहसील व नगर निगम में भी देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि निगम की DTP शाखा लगातार निगम क्षेत्र का दौरा करती रहती है, यदि किसी जगह पर अनधिकृत कॉलोनी काटे जाने की सूचना मिली तो, उस पर कार्रवाई की जाएगी।