भारत ने अंतरिक्ष में रचा इतिहास, चांद के साउथ पोल पर उतरा विक्रम लैंडर

चंद्रयान-3 मिशन के जरिए भारत ने आज इतिहास रच दिया. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (Indian Space Research Organization) के चंद्रयान-3 मिशन का लैंडर मॉड्यूल सफलता पूर्वक चंद्रमा की सतह पर उतर गया. लैंडर विक्रम (Lander Vikram) और रोवर प्रज्ञान से युक्त लैंडर मॉड्यूल ने शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग की और इतिहास रच दिया.

इस सफलता के साथ भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया. इसके साथ ही भारत अमेरिका, चीन और पूर्व सोवियत संघ के बाद चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंगकरने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया. चंद्रमा की सतह पर अमेरिका, पूर्व सोवियत संघ और चीन सॉफ्ट लैंडिंगकर चुके हैं, हालांकि इनमें से कोई भी देश ऐसा नहीं है जिसकी सॉफ्ट लैंडिंगचंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में हुई है. चंद्रयान-3 के लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग में 15 से 17 मिनट लगे. चंद्रयान 3 को 14 जुलाई 2023 को दोपहर 2.30 बजे लॉन्च किया गया था.

ऐतिहासिक उपलब्धि भारत के उत्थान का संकेत : उपराष्ट्रपति धनखड़

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बुधवार को कहा कि चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग भारत के उत्थान का संकेत देने वाली एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर उपराष्ट्रपति कार्यालय ने धनखड़ के हवाले से ट्विटर पर लिखा, “यह भारत के उत्थान का संकेत देने वाली एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. इस मिशन से जुड़े सभी लोगों और देश के दूरदर्शी नेतृत्व को बधाई.”

चंद्रयान-3 : चंद्रमा की सतह पर 14 दिवसीय कार्य शुरू करेगा रोवर

चंद्रयान-3 की चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग के बाद अब रोवर मॉड्यूल इसरो के वैज्ञानिकों द्वारा दिए गए 14 दिवसीय कार्य शुरू करेगा. उसके विभिन्न कार्यों में चंद्रमा की सतह के बारे में और जानकारी हासिल करने के लिए वहां प्रयोग करना भी शामिल है. लैंडर और रोवर दोनों का जीवन काल एक-एक चंद्र दिवस है जो पृथ्वी के 14 दिन के समान है.

अंतरिक्ष में भारत की उपलब्धियां अब अभूतपूर्व ऊंचाइयों को छू चुकी हैं : रक्षा मंत्री राजनाथ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को चन्‍द्रयान-3 के लैंडर विक्रम के चन्‍द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक अपना कदम रखने पर देशवासियों और वैज्ञानिकों को बधाई दी और कहा कि यह सफलता भारत की अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में क्षमता और शक्ति का प्रमाण है. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “मिशन चंद्रयान 3 की सफलता पर टीम इसरो को बहुत बधाई. अंतरिक्ष में भारत की उपलब्धियां अब अभूतपूर्व ऊंचाइयों को छू चुकी हैं. सारा देश उन वैज्ञानिकों पर गर्व महसूस कर रहा है जिन्होंने अपनी बुद्धिमत्ता, मेहनत और प्रबल इच्छाशक्ति से इस मिशन की सफलता के साथ इतिहास रच दिया है.”

चंद्रयान-3 के लैंडर और एमओएक्स के बीच संचार लिंक स्थापित: ISRO

चंद्रयान-3 मिशन के सफल होने के तुरंत बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कहा कि लैंडर और यहां स्थित अंतरिक्ष एजेंसी के मिशन संचालन परिसर (एमओएक्स) के बीच संचार लिंक स्थापित हो गया है. एमओएक्स इसरो टेलीमेट्री, ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क (आईएसटीआरएसी) में स्थित है. इसरो ने चंद्रमा की सतह पर उतरने के दौरान लैंडर हॉरिजॉन्टल वेलोसिटी कैमरेद्वारा ली गईं तस्वीरें भी जारी कीं.

वैज्ञानिक समुदाय की प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम: राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंगको भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की शानदार उपलब्धि करार देते हुए बुधवार को कहा कि यह सफलता वैज्ञानिक समुदाय की प्रतिभा और कड़ी मेहतन का परिणाम है. राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, “आज की शानदार उपलब्धि के लिए टीम इसरो को बधाई. चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंगहमारे वैज्ञानिक समुदाय की दशकों की जबरदस्त प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम है. 1962 के बाद से भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नई ऊंचाइयों को छू रहा है और युवा सपने देखने वालों की पीढ़ियों को प्रेरित कर रहा है.”

“अविस्मरणीय क्षण…” : चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंगपर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और मिशन में शामिल सभी लोगों को बुधवार को बधाई दी और कहा कि यह एक अविस्मरणीय क्षण है तथा वैज्ञानिकों ने इतिहास रचकर भारत को गौरवान्वित किया है. चंद्रयान की सफल लैंडिंग देखने के बाद अपने वीडियो संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, “चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंगएक महत्वपूर्ण अवसर है. यह एक ऐसी घटना है जो जीवनकाल में एक बार होती है.”

उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की चंद्रमा की सतह पर लैंडिंगके साथ ही वैज्ञानिकों ने इतिहास रच दिया है और भारत को गौरवान्वित किया है.

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, “मैं इसरो, चंद्रयान-3 मिशन में शामिल सभी लोगों को बधाई देती हूं तथा उन्हें आगे और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं देती हूं.”

Advertisement