Hisar Hotel Arabic Dance : हरियाणा के हिसार में एक होटल में प्रस्तावित ‘अरेबिक डांस नाइट’ कार्यक्रम विवादों में आ गया है। कार्यक्रम के प्रचार के लिए जारी पोस्टर में महिलाओं को निर्धारित समय के दौरान मुफ्त वोडका शॉट्स देने का दावा किया गया था। पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने इसे लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए, जिसके बाद आबकारी विभाग भी हरकत में आ गया।
Written by Kajal Panchal • Published on : 17 June 2026
IBN24 News Network : जानकारी के अनुसार, हिसार स्थित लेमन ट्री होटल में बुधवार शाम इस कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित था। होटल के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साझा किए गए पोस्टर में इसे हिसार में पहली बार आयोजित होने वाला कार्यक्रम बताया गया। पोस्टर में यह भी उल्लेख किया गया कि शाम 7 बजे से 9 बजे तक महिलाओं को फ्री ड्रिंक उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के लिए व्हाइट ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया था।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस
पोस्टर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कार्यक्रम को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई यूजर्स ने इसे लेकर व्यंग्यात्मक टिप्पणियां कीं, जबकि कुछ लोगों ने सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों का हवाला देते हुए आयोजन पर सवाल खड़े किए।
एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि इस तरह के आयोजनों को “संस्कारों को बढ़ावा देने” के नाम पर पेश किया जा रहा है। वहीं दूसरे यूजर ने भी पोस्टर को लेकर तंज कसते हुए अपनी प्रतिक्रिया साझा की।
होटल प्रबंधन ने क्या कहा ?
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहले से टेबल बुकिंग आवश्यक थी और मेहमानों के लिए व्हाइट ड्रेस कोड निर्धारित किया गया था।
आबकारी विभाग ने लिया संज्ञान
मामले की जानकारी मिलने के बाद आबकारी विभाग की टीम होटल पहुंची और प्रारंभिक जांच की। हिसार के डीईटीसी एक्साइज अजय सिहाग ने बताया कि किसी भी बार या होटल को शराब के प्रचार-प्रसार की अनुमति नहीं है। यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को भेज दी गई है। मुख्यालय से निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
‘बार में डांस की अनुमति नहीं’
डीईटीसी एक्साइज अजय सिहाग ने कहा कि नियमों के तहत बार में शराब और बीयर परोसने की अनुमति होती है, लेकिन डांस कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं है। विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व बार प्रधान से जुड़ा है होटल
यह मामला हिसार बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान मोहित अरोड़ा से जुड़े होटल का बताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में हुए बार एसोसिएशन चुनाव में मोहित अरोड़ा को हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव में प्रदीप बाजिया ने 1066 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी, जबकि मोहित अरोड़ा को 953 वोट मिले थे। दोनों के बीच जीत-हार का अंतर 113 वोटों का रहा था।
फिलहाल आबकारी विभाग की रिपोर्ट मुख्यालय के पास है और अब आगे की कार्रवाई को लेकर विभागीय निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है।
Please also read this article : Gold Price Today: गिरावट के बाद संभला बाजार, जानिए देशभर में कहां पर कितना है सोने का भाव
Instagram: https://www.instagram.com/ibn24newsnetwork

