
शामली के गढ़ीपुख्ता क्षेत्र में अपनी शादी के कार्ड बांटने घर से निकला एक दूल्हा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो जाने से परिजनों में अफरातफरी मच गई। परिजनों ने पुलिस से युवक को तलाशने की गुहार लगाई। पुलिस ने युवक की तलाश की तो उसका सुराग मिल गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़कर ले आई। जिसके बाद परिजनों ने लड़की पक्ष के यहां पहुंचकर निकाह की रस्म अदा कराई।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव निवासी दो सगे भाइयों की शादी चौसाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दो बहनों के साथ तय हुई थी। करीब दस दिन पूर्व लड़की पक्ष के लोग सगाई कर गए थे। जिसके बाद दोनों घरों में निकाह की तैयारियां जोरशोर से शुरू हो गईं थीं। लेकिन एन वक्त पर दूल्हा गायब हो गया।
बुधवार को दोनों भाईयों की बारात जानी थी। मंगलवार को एक दूल्हा अपनी शादी के कार्ड बांटने की बात कहकर घर से निकल गया। वह देर शाम तक भी घर नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारियों व अन्य स्थानों पर युवक को तलाश किया लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। युवक का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ था। जिससे परिजनों की चिंता और ज्यादा बढ़ गई। दूल्हे का पता न चलने पर बुधवार की सुबह परिजन गढ़ीपुख्ता थाने पहुंचे और पुलिस से युवक को तलाशने की गुहार लगाई।
प्रेमिका के घर मिला दूल्हा, पुलिस समझा बुझाकर वापस लाई
पुलिस ने जब युवक के मोबाइल फोन की लोकेशन जांची तो पहली लोकेशन बागपत में मिली, उसके बाद देर रात लोकेशन थानाभवन के एक गांव में मिली। पुलिस ने जब युवक के फोन पर कॉल किया तो उसने बताया कि वह अपनी प्रेमिका के यहां है और उसी के साथ शादी करेगा।
परिजनों ने युवक को काफी समझाया लेकिन उसने वापस आने और मंगेतर से निकाह करने से साफ इनकार दिया। थाना प्रभारी ने युवक को कड़ी हिदायत दी। जिसके बाद युवक घर आने व निकाह के लिए तैयार हुआ। परिजन तुरंत युवक के बताए गए गांव पहुंचे। उसे वहां से लाकर दूसरे दूल्हे के साथ लड़की पक्ष के यहां पहुंच गए। जहां उनका निकाह संपन्न कराया गया। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।