शहरवासियों के लिए अच्छी खबर

शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें दिल्ली, सिरसा, रोहतक और हिसार का सफर तस करने के लिए चंडीगढ़-43 बस स्टैंड नहीं जाना पड़ेगा। हरियाणा सरकार ने उनकी इस परेशानी को दूर करने के लिए पंचकूला और कालका से अतिरिक्त बस सेवाएं शुरू कर दी हैं। चार लंबे रूट पर किलोमीटर स्कीम के तहत 20 बसों का संचालन शुरू हो गया है। इसका हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने सोमवार को शुभारंभ किया है। अब पंचकूला और कालका बस स्टैंड से अतिरिक्त बस सेवाएं शुरू होने से जहां लोगों का समय बचेगा वहीं चंडीगढ़ और सिंघपुरा बस पकड़ने ऑटो या कैब का खर्चा भी बचेगा।

पंचकूला और कालका बस स्टैंड से सफर करने वाले यात्रियों को अब सीधे चार जगहों की बसों की अतिरिक्त सुविधा मिली है। दिल्ली, सिरसा, रोहतक, हिसार जाने वाले यात्रियों को बस पकड़ने के लिए पंचकूला के यात्रियों को 15 और कालका के यात्रियों को 28 किलोमीटर का सफर चंडीगढ़ बस स्टैंड जाने में नहीं खराब करना पड़ेगा। पंचकूला और आसपास के लोगों को उक्त शहरों को जाने के लिए सिंघपुरा जाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। हरियाणा सरकार ने 10 साल की लीज पर बसों को हायर किया है।

बस का संचालन प्रदेश की जनता को यातायात के ज्यादा साधन उपलब्ध करवाए जाने के लिए है। सरकार ने लीज पर किलोमीटर स्कीम के तहत 510 बसें हायर की है। जनता को यात्रा करने में किसी किस्म की दिक्कतों का सामना ना करना पड़े इसके लिए उन्होंने बताया कि ये 20 बसें 30 मिनट के अंतराल में चलेंगी और ये बसें सारे हरियाणा में लांग रूटों पर चलेंगी।

कंडक्टर हरियाणा रोडवेज के होंगे

हरियाणा रोडवेज पंचकूला के जीएम रविंद्र पाठक ने बताया कि इन बसों को लीज पर दिया गया है। परिवहन विभाग 26 रुपये 92 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से इन बसों को भुगतान करेगा। इन बसों में कंडक्टर हरियाणा रोडवेज के होंगे बाकी स्टाफ बस मालिकों का होगा। ये बसें हर रोज इन लंबे रूटों पर निकलेगी और लगभग 400 किलोमीटर का सफर तय करेगी।

पंचकूला और कालका से बस पकड़ने के लिए यात्रियों को चंडीगढ़ जाने में 45 मिनट का समय लगाता था। अब लोगों का यह समय बचेगा और वह दिल्ली सहित सभी रूटों पर साढ़े चार घंटे में पहुंच जाएंगे। बसों का संचालन शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी। लांग रूट पर अभी बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। जल्द ही अन्य रूटों पर बसें चलाई जाएंगी।

Advertisement