
हिसार। घर सजा था और दरवाजे पर बारात का स्वागत किया जा रहा था। सभी खुश थे लेकिन थोड़ी देर में बवाल मच गया। सजे हुए मंडप में तोड़ फोड़ शुरू हो चुकी थी। दहेज मांगने पर वर- वधू पक्ष में टकराव हो गया। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा मारपीट पर उतारू हो गए, जिसमें दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए हैं। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार करते हुए बारात को वापस लौटा दिया।
जानकारी के अनुसार हिसार के ऋषि नगर निवासी अंकित की बरात शुक्रवार की रात करीब 12 बजे हांसी के मंडी सैनियान पहुंची थी। यहां अंकित की शादी शबनम के साथ होनी थी। लड़की के परिजनों ने बताया कि 8 दिसंबर को लगन के समय बाइक सहित अन्य सामान दिया गया था। लड़की के पिता विजय सैनी ने कहा कि अचानक दूल्हे अंकित के सब इंस्पेक्टर पिता ने दहेज में 5 लाख रुपये व गाड़ी देने की मांग रखी। दहेज न देने पर शादी न करने पर अड़ गए। विजय सैनी ने कहा कि उन्होंने मनाने का प्रयास किया लेकिन लड़के के पिता पुलिस सब इंस्पेक्टर पद की धौंस दिखाने लगे।
दहेज़ मांगने की वजह से बात काफी बढ़ गई और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई। दोनों के पक्षों के बीच टकराव में लड़की का मामा दीपक और धर्मेंद्र तथा लड़के के पक्ष के ओर से राजेश व सुनील घायल हो गए। कुछ अन्य लोगों को मामूली चोट आई हैं। लड़के के पक्ष के लोगों ने बारात के खाने-पीने का सामान भी बिखेर दिया। लड़की पक्ष के लोगों ने महिला थाना पुलिस को अपनी शिकायत दी है।
वहीं, लड़के के पिता मनीराम ने फोन पर बताया कि दहेज का मामला झूठा है। नाचने की वजह से बारात गेट पर पहुंचने में कुछ देर हो गई। इसी बात को लेकर लेकर उनकी कहासुनी हुई थी तभी दुल्हन के भाई ने पुठी मंगल गांव से कुछ लड़कों को बुलाकर हमला किया। हमले में उनके पक्ष के कई लोगों को चोट आई है। जिनका इलाज हिसार के सामान्य अस्पताल में चल रहा है।
थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि रात को उनको सूचना मिली थी कि लड़के के परिवार उनसे दहेज की मांग कर रहे हैं। दहेज न देने की वजह से बारात वापस ले गए है और उनके साथ मारपीट भी करके गए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम रात को मौके पर पहुंची। शिकायत मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।