
चंडीगढ़। हरियाणा में पब्लिक स्कूल सरकारी आदेशों को नहीं मान रहे हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी (HSEB) के द्वारा जारी की गईं इतिहास और नैतिक शिक्षा की किताबें नहीं पढ़ा रहे हैं। इसका खुलासा 55 फ्लाइंग स्कॉट की 335 स्कूलों में छापामारी के दौरान हुआ। इन छापों में 290 स्कूल दोषी पाए गए हैं।
हरियाणा सरकार ने मामले की जांच की जिम्मेदारी बोर्ड को दी है। जांच के लिए बोर्ड ने राज्यभर में 55 उड़नदस्ते भी बनाए। पिछले कुछ दिन से बोर्ड के अधिकारियों को शिकायत मिल रही थीं कि कुछ पब्लिक स्कूल नई जारी किताबों की पढ़ाई नहीं करा रहे हैं, जिसके बाद यह चैकिंग हुई है।
शिक्षा बोर्ड द्वारा गठित 55 उड़नदस्तों द्वारा 29 व 30 सितंबर को प्रदेश के 335 पब्लिक स्कूलों में छापामारी की गई। इस दौरान अधिकांश विद्यालयों में हिस्ट्री की नई पुस्तकें, मोरल साइंस व अन्य विषयों की पढ़ाई नहीं कराई जा रही थीं। 61 विद्यालयों में इतिहास, 205 में नैतिक शिक्षा तथा 23 विद्यालयों में बोर्ड द्वारा मान्य, प्रकाशित पुस्तकें नहीं पढ़ाई जा रही थीं। ऐसे में बोर्ड अब इन स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करने जा रहा है।