नहीं रहे मशहूर जादूगर ओपी शर्मा, 7 साल की उम्र में जादू दिखाना शुरू किया, अब खत्म हुआ ‘इंद्रजाल’ का तिलिस्म

लखनऊ। पूरी दुनिया में अपने मैजिक का कमाल दिखाने वाले मशहूर जादूगर ओपी शर्मा का शनिवार रात को निधन हो गया। कानपुर के एक निजी अस्पताल में ओपी शर्मा ने अंतिम सांस ली। 71 साल के ओपी शर्मा पिछले कई महीने से कीड़नी की बीमारी से पीड़ित थे।

बच्चों से लेकर बड़ों तक ओपी शर्मा के जादू का क्रेज सभी के सिर पर चढ़कर बोलता था। ऐसे में उनके निधन में खबर सुनते हुए फैंस में दुख की लहर दौड़ गई। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में 1973 में जन्मे ओपी शर्मा ने सात साल की उम्र में जादू दिखाना शुरू कर दिया था और अपने कैरियर में 34 हजार से ज्यादा मैजिक शो किए थे। उन्होंने मुंबई में अपना पहला कॉमर्शियल शो किया था।

34 हजार से ज्यादा मैजिक शो किए

ओपी शर्मा ने विश्व के कई देशों में मैजिक शो का आयोजन किया। वो विश्व के प्रसिद्ध जादूगरों में विख्यात थे। सात साल की उम्र में जादू करना शुरू कर दिया और 34 हजार से ज्यादा मैजिक शो किए थे। वर्ष 2001 में इंडियन मैजिक मीडिया सर्कल ने उन्हें नेशनल मैजिक अवार्ड और शहंशाह ए जादू की उपाधि से नवाजा गया था। उनके शो का सबसे चर्चित रगबिरंगा इंद्रजाल होता था। उन्होंने गोविंद नगर विधानसभा से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था।

इंद्रजालका तिलिस्म काफी चर्चित

ओपी शर्मा के इंद्रजाल में एक जादूई दुनिया बनाई जाती थी। लोग उनके भ्रम के जाल में अनायास ही सिमट जाते थे। किताब के पन्नों से वे विशालकाय डायनासोर को सामने ले आते थे। उस पर काबू पाते थे और जादू देखने आए लोगों की तालियां खूब बजती थी। चिंपैंजी से लड़की बना दिया करते थे। खाली बक्से से आदमी निकालना और रूमान से कबूतर उड़ाने से वे अपने जादू की शुरुआत करते थे। जादूगर ओपी शर्मा ने अपने आखिरी शो में कहा था कि जिसकी शुरुआत होती है, उसका अंत भी होता है। ये प्रकृति का नियम है। मैं रहूं या न रहूं जादू चलता रहेगा। जब लोगों को ये पता चला कि जादूगरका शो अंतिम पड़ाव पर है तो दर्शकदीर्घा में बैठे कई लोग भावुक हो गए थे।

इनका भूत बंगला भी काफी खास

कानपुर के शास्त्रीनगर कॉलोनी में सबसे पहले ओपी शर्मा ने अपना ठिकाना बनाया। इसके बाद बर्रा-2 में उन्होंने अपना घर बनवाया। कानपुर में अपने घर का नाम भूत बंगला रखा था जो बहुत चर्चित है,गेट पर भूत की आकृति भी बनवाई थी।

मंझला बेटा बना जूनियर ओपी शर्मा

ओपी शर्मा के परिवार में तीन बेटे तीन बेटे प्रेमप्रकाश शर्मा, सत्य प्रकाश शर्मा और पंकज प्रकाश शर्मा के अलावा बेटी रेनू और पत्नी मीनाक्षी शर्मा हैं। उनका बड़ा बेटा प्रेम प्रकाश शर्मा दिल्ली दूरदर्शन में काम करता हैं। मंझले बेटे सत्य प्रकाश शर्मा ने खुद को ओपी शर्मा जूनियर के रूप में स्थापित किया है। वहीं, तीसरा बेटा पंकज प्रकाश शर्मा प्रिंटिंग प्रेस में काम करता है और उनकी सबसे छोटी बेटी रेनू शर्मा यूएसए में रहती हैं

Advertisement