
फिरोजपुर/जालंधर: शादी कर लोगों को ठगने वाली जालंधर की लुटेरी दुल्हन को पुलिस ने मंगलवार रात फिरोजपुर कैंट के एक मंदिर में मंडप से उसके फर्जी परिवार सहित गिरफ्तार किया। आरोपितों ने हरियाणा के फतेहाबाद में रहने वाले एक लड़के को शादी के लिए तैयार किया था, जिसे फिरोजपुर में बुलाकर तैयारियां भी कर ली।
मंगलवार रात जब मंडप तैयार हुआ तो पुजारी ने लड़की से पहचान पत्र मांगा। लड़की के फर्जी भाई ने पहचान पत्र दिया तो भंडाफोड़ हो गया। एक दिन पहले भी इसी पहचान पत्र पर पंडित ने शादी करवाई थी। पता चलते ही लड़के की मां ने पुलिस को शिकायत की। पुलिस मंडप से दुल्हन और उसके तीन साथियों को थाने ले गई।
फतेहाबाद की रहने वाली दर्शना रानी ने बताया कि 28 वर्षीय बेटे रवि की शादी के लिए कई जगह कहा हुआ था। दामाद को फिरोजपुर की लड़की के बारे पता चला। हरियाणा के ही भिवानी निवासी बिचौलिये ओम प्रकाश के कहने पर वह 30 अगस्त को अपने अन्य संबंधियों को लेकर फिरोजपुर के लिए निकल पड़ी। प्रकाश अपने साथ अंबाला की दो महिलाओं को भी ले आया। बिचौलिया उन्हें जसविंदर सिंह गिल के घर ले गया, जहां दीप नामक महिला मिली।
उसने मीत अरोड़ा पुत्र राजन अरोड़ा निवासी गांव खिलची का पहचान पत्र दिखाया। मीत अरोड़ा को लड़की तारा अरोड़ा का भाई बताया गया। दर्शना ने बताया कि आरोपित रात 8 बजे फिरोजपुर कैंट के एक मंदिर में उन्हें ले गए और मंडप तैयार था। इसी दौरान पुजारी ने लड़की का पहचान पत्र दिखाने को कहा तो भाई ने लड़की तारा अरोड़ा का फोटो स्टेट आधार कार्ड दिखाया। पंडित ने बताया कि इसी पहचान पत्र पर कल ही शादी करवाई है।
जालंधर की डांसर, युवक व बिचौलिये ने बनाया था गैंग
तारा अरोड़ा नाम की लुटेरी दुल्हन जालंधर में डांसर है, जिसका असली नाम रोजी है। उसके फर्जी भाई मीत अरोड़ा का असली नाम गुरमीत सिंह है और वह फिरोजपुर निवासी है। दोनों ने मिलकर गैंग बनाया। दोनों ने लोगों को शिकार बनाने के लिए ओम प्रकाश का सहारा लिया।
एडवांस पैसे लेता था बिचौलिया
फर्जी शादी के धंधे में लगा बिचौलिया ओम प्रकाश बात पक्की होने पर एडवांस पैसे लेता है। आरोपित ने दर्शना से भी 25 हजार रुपए एडवांस ले लिए। शादी के बाद जो माल हाथ लगना था, उसमें भी आरोपितों की बराबर की भागीदारी है।
सात के खिलाफ पर्चा दर्ज, चार गिरफ्तार
थाना प्रभारी जसविंदर सिंह ने बताया कि गिरोह के साथ लोगों पर केस दर्ज किया गया है। तारा अरोड़ा, मीत अरोड़ा निवासी गांव खिलची फिरोजपुर, बिचौलिया ओम प्रकाश निवासी गांव तालो हरियाणा व वीणा शर्मा निवासी हाउसिंग बोर्ड कालोनी अंबाला को पुलिस ने काबू कर लिया है। नेहा निवासी हरियाणा, जसविंदर व दीप निवासी फिरोजपुर अभी फरार है।