पानीपत। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त रवैया अपनाने जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं पर बिल राशि बकाया है, अगर वो 31 अक्टूबर तक नहीं भरते हैं तो उनका कनेक्शन कटेगा। इसको लेकर चेयरमैन पीके दास ने प्रदेश के सभी अधीक्षण अभियंताओं को सख्त निर्देश दिए हैं।
प्रदेश भर में उपभोक्ताओं पर 7400 करोड़ की राशि बकाया है। वहीं,पानीपत सर्कल की बात करें तो चालू कनेक्शन वाले 37 हजार 145 उपभोक्ताओं पर करीब 88.94 करोड़ की राशि बकाया है। बकायेदारों में घरेलू, इंडस्ट्री से लेकर कृषि कनेक्शन धारक उपभोक्ता शामिल हैं।
धान के सीजन में बकाया राशि आने की उम्मीद
वैसे तो निगम की ओर से समय समय पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाती है। लेकिन अब निगम ने कार्रवाई को चेतावनी से आगे बढ़ाकर हर हाल में कनेक्शन काटने की योजना तैयार की है। हाल में धान कटाई का सीजन चल रहा है। फसल बिकने पर किसान के पास पैसा आता है। ऐसे में निगम को उपभोक्ताओं से बकाया बिल राशि की रिकवरी होने की काफी उम्मीद है। सर्कल में सबसे ज्यादा डीएस (ग्रामीण) उपभोक्ताओं पर 36.14 करोड़ की राशि बकाया है। जबकि कृषि कनेक्शन धारक उपभोक्ताओं पर 7.84 करोड़ की राशि बकाया है।
किस श्रेणी के कितने उपभोक्ताओं पर कितनी राशि बकाया और कितना सरचार्ज
श्रेणी उपभोक्ता सरचार्ज बकाया राशि
डीएस (ग्रामीण) 14625 439.93 3614.80
एनडीएस (अर्बन) 9353 70.77 1558.17
एनडीएस (ग्रामीण) 2014 93.12 879.33
एनडीएस (अर्बन) 3298 33.28 1023.48
कृषि 7248 83.27 784.26
इंडस्ट्री 608 51.81 1034.35
मुख्यालय स्तर पर दिए गए निर्देश
प्रदेश भर में 7400 करोड़ की बिल राशि बकाया है। इसमें 2365 करोड़ उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और 5096 करोड़ की राशि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के बकाया है। ऐसे में मुख्यालय स्तर पर मीटिंग के बाद सर्कल स्तर पर अधिकारियों को बकाया बिल राशि रिकवरी के निर्देश दिए गए हैं। जिसमें बिल न भरने वालों के 31 अक्टूबर के बाद कनेक्शन काटने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश में किस श्रेणी में कितने उपभोक्ताओं पर बकाया राशि
श्रेणी बकायेदार बकाया राशि (करोड़ में)
घरेलू (शहरी) 4.62 लाख 752
घरेलू (ग्रामीण) 12 लाख 4302
कृषि 2.75 लाख 187
एनडीएस घरेलू 2.35 लाख 676
इंडस्ट्री 50 हजार 896
सरकारी विभाग 25 हजार 641
31 तक नहीं भरा बिल तो कटेंगे कनेक्शन
पानीपत सर्कल के अधीक्षण अभियंता धर्मबीर छिक्कारा ने बताया कि चालू कनेक्शन वाले हजारों उपभोक्ताओं पर करोड़ों रुपये की बिल राशि बकाया है। जो बकायेदार उपभोक्ता 31 अक्टूबर तक बिल राशि नहीं भरेगा, उसका कनेक्शन काटा जाएगा। इसको लेकर हर सब डिवीजन में टीमें गठित की गई है, जो कनेक्शन काटने का काम करेगी।