AIIMS में कोरोना पॉजिटिव मां ने दिया बच्चे को जन्म

नई दिल्ली: कोरोनावायरस के कहर के चलते लॉकडाउन में लोग अपने घरों में कैद हैं और अपने को बचाने के लिए बाहर नहीं निकल रहे| वहीं इसी बीच एक अच्छी खबर आई है कि शुक्रवार की रात दिल्ली के एम्स में कोरोनोवायरस के चपेट में आई महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया है| दोनों ही मां और बच्चा स्वस्थ्य है| हालांकि मां और बच्चे को आइसोलेशन वॉर्ड में रखा गया है और लगातार निगरानी की जा रही है| यह भी बता दें कि उसके पति एक डॉक्टर हैं, जो दो दिन पहले ही कोरोना के टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए थे|

बता दें कि देशभर में अबतक 50 से अधिक डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ कोरोनावायरस (Coronavirus) से संक्रमित हो चुके हैं| बीते गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार AIIMS के डॉक्टर दंपति कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए थे| पति की रिपोर्ट सुबह आई थी और पत्नी की रिपोर्ट शाम में आई| बता दें कि महिला डॉक्टर 9 महीने की प्रेग्नेंट थी, जिसने शुक्रवार की रात को स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया|

मालूम हो कि इसके साथ ही अब तक दिल्ली के 9 डॉक्टर कोरोनावायरस से संक्रमित हो चुके हैं| बुधवार को भी सफदरजंग अस्पताल के दो रेजिडेंट डॉक्टरों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी| बताया गया था कि अस्पताल में कोविड-19 मरीजों का इलाज कर रही टीम में शामिल एक डॉक्टर ड्यूटी के दौरान संक्रमित हुआ है| वहीं, जैवरसायन विभाग में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में तृतीय वर्ष की छात्रा, महिला रेजिडेंट डॉक्टर के भी संक्रमित होने की पुष्टि हुई है| वह हाल ही में विदेश यात्रा पर गयी थीं| दोनों में कोविड-19 के लक्षण दिखे और उनकी जांच रिपोर्ट दो दिन पहले पॉजिटिव आयी है| दोनों का सफदरजंग के पृथक वार्ड में इलाज चल रहा है|

 

Advertisement