
जम्मू-कश्मीर में सब इंस्पेक्टर भर्ती घोटाले की जांच करते हुए CBI ने मंगलवार को देशभर में छापमारी की। CBI की छापामारी से हड़कंप मचा हुआ है। CBI की टीम ने जम्मू-कश्मीर, गांधीनगर, गाजियाबाद, बेंगलुरू, दिल्ली और हरियाणा के 3 जिलों रेवाड़ी, करनाल और महेन्द्रगढ़ सहित 33 स्थानों पर छापा मारा। CBI ने मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र करनाल में सेक्टर-9 स्थित कोठी नंबर 1694 में रेड की है। CBI की टीम पिछले कई घंटे से घर खंगाल रही है
2 सगे भाइयों का नाम आया
बिजेन्द्र और हितेंद्र दोनों सगे भाई पिछले काफी समय से करनाल के सेक्टर-9 में कोठी नंबर 1694 में रह रहे हैं। इनके पिता सेवा सिंह हुडा एग्रीकल्चर विभाग में अधिकारी थे, जिनकी डेढ़ साल पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। यह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। CBI की टीम करीब 8 घंटे से कोठी के अंदर है और रिकॉर्ड खंगाल रही है।
जम्मू कश्मीर इंस्पेक्टर भर्ती से जुड़े हो सकते तार
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बिजेंद्र व हितेंद्र दोनों भाई सरकारी नौकरियां लगवाने का काम करते थे। जम्मू कश्मीर में हुए सब इंस्पेक्टर भर्ती घोटाले से भी इनके तार जुड़े हो सकते हैं। इसलिए CBI जांच करने आई है।
CBI की टीम सुबह 7 बजे आई थी
CBI के चार सदस्यों की टीम कोठी के अंदर मौजूद है। महिला थाना से दो महिला पुलिस कर्मियों को भी टीम अपने साथ लेकर गई है, जो जांच टीम का हिस्सा हैं। सुबह 7 बजे ही CBI की टीमों ने सभी ठिकानों पर दस्तक दे दी थी। अब 8 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है फिलहाल देखने की बात है कि जांच में क्या सामने आता है। टीम क्या जब्त करके अपने साथ ले जाएगी।