भारतीय वायुसेना को बड़ा झटका! एक ही वक्त पर 3 प्लेन हुए क्रैश, रक्षा मंत्री से मिले एयर चीफ

नई दिल्ली: एक ही समय पर दो लड़ाकू विमान क्रैश होने से भारतीय वायुसेना को झटका लगा है। सेना से लेकर सरकार तक ऐक्टिव हो गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह खुद हालात की निगरानी करते हुए पल-पल का अपडेट ले रहे हैं। मध्य प्रदेश में मुरैना के पास एक साथ सुखोई-30 और मिराज 2000 एयरक्राफ्ट जमीन पर आ गिरे और धू-धूकर जल उठे। राहत अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन की ओर से बताया गया है कि पायलट समय पर जेट से निकलने में कामयाब रहे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। दोनों जेट ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर बेस से उड़ान भरी थी। वहां अभ्यास चल रहा था। प्लेन की टक्कर हुई या हादसे की वजह कुछ और है, अभी स्पष्ट नहीं है। शनिवार की सुबह एक और प्लेन राजस्थान के भरतपुर में क्रैश हुआ है। शुरू में पायलट के बारे में कोई सूचना नहीं मिल पाई। तकनीकी गड़बड़ी को इस घटना की वजह माना जा रहा है। अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह भारतीय वायुसेना का जेट था या कोई प्राइवेट प्लेन।

राजनाथ सिंह को दी गई जानकारी

रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने बताया है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को चीफ ऑफ एयर स्टाफ ने भारतीय वायुसेना के दो एयरक्राफ्ट क्रैश होने के बारे में जानकारी दे दी है। रक्षा मंत्री ने पायलटों के बारे में जानकारी ली है और वह हालात पर नजर रख रहे हैं। उधर, भारतीय सेना ने उन मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया है जिसमें कहा जा रहा था कि सेना का एक हेलिकॉप्टर आज दुर्घटना का शिकार हुआ है। सेना की ओर बताया गया है कि इंडियन आर्मी एविएशन के भी सभी एसेट सुरक्षित हैं।

राजस्थान में प्लेन क्रैश पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। शुरू में भरतपुर डीएसपी ने बताया था कि सुबह 10-10.15 बजे के आसपास प्लेन क्रैश की जानकारी मिली। घटनास्थल पर आने के बाद पता चला कि यह IAF का फाइटर जेट था। लेकिन मलबा देखने से पता नहीं चल पा रहा था कि यह फाइटर प्लेन है या कोई दूसरा प्लेन। शुरू में पायलटों के बारे में भी जानकारी नहीं मिल पाई। कुछ रिपोर्टों में इसे चार्टर्ड प्लेन बताया जा रहा है, जो आगरा से उड़ा था।

Advertisement