
हरियाणा में करनाल के भोला खालसा गांव में अचानक गैस का सिलेंडर फटने से हुआ बड़ा हादसा। जिस कारण हादसे में करीब 20-22 लोग झुलस गए, जिसमें साढ़े तीन साल का बच्चा भी शामिल है। जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा घायल वह लोग हुए है जो सिलेंडर के आसपास मौजूद थे।
आनन फानन में घायलों को करनाल के प्राइवेट अस्पताल में लाया गया। कुछ जख्मी लोगों का निगदू अस्पताल में ही इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, भोला खालसा गांव में डेरे पर सोमपाल के 7 साल के लड़के विशाल का जन्मदिन था। सोमपाल का परिवार अपने बच्चे का जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहा था। खुशी का माहौल था। रिश्तेदार आ रहे थे। उनके लिए खाने का प्रबंध किया गया था। हलवाई सुबह से मेहमानों के लिए खाना बना रहा था। इस बीच अचानक सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ और सब सन्न रह गए।
सिलेंडर के आसपास करीब 20-22 लोग थे, जो सिलेंडर के फटने से बुरी तरह से घायल हो गए। सबसे ज्यादा चोटें हलवाई को आई हैं। सिलेंडर फटने के बाद परिवार और आस पड़ोस में अफरा तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत करनाल के अस्पताल में लाया गया। जबकि कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आई हैं, जिनका इलाज गांव में ही चल रहा है।
हलवाई द्वारा खाना खुले में बनाया जा रहा था। उसके पास कुछ लोग ही थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य व रिश्तेदार घर के अंदर थे। अभी रिश्तेदारों का आना लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि करीब 250 से 300 लोग इस जन्मदिन समारोह में पहुंचने थे, लेकिन उस वक्त तक कम ही लोग थे।
3 हलवाई कर रहे थे काम
सिलेंडर फटने से साढ़े तीन साल का युवराज भी घायल हुआ है। इसके साथ 3 और लोगों की पहचान हुई है, जो करनाल के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं। उनमें पुनीत, सत्येंद्र कौर और राजेश शामिल है। जबकि 20 से ज्यादा लोग निगदू और कुरुक्षेत्र के अस्पताल में भर्ती हैं। तीन हलवाई थे, जो कि सलारपुर गांव के बताए जा रहे हैं।
कारिगर बदल रहा था सिलेंडर
परिजनों के मुताबिक जन्मदिन पर कई स्टॉल लगाए गए थे। बताया यह जा रहा है कि पॉपकॉर्न वाला कारिगर सिलेंडर बदल रहा था और इसी कारण हादसा हुआ। दूसरा पहलू यह भी हो सकता है कि सिलेंडर ही लीक हो।
बच्चा 30 फीसदी झुलसा
डॉक्टर राकेश जिंदल ने बताया कि तीन मरीज अस्पताल में पहुंचे हैं। तीनों मरीज बुरी तरह से झुलस गए हैं। सबसे ज्यादा बच्चा झुलसा है। जिसकी 30 प्रतिशत तक स्किन झुलस गई है।